BHILWARA

‘प्लास्टिक पॉलिथीन मुक्त’ बनेगी 33 ग्राम पंचायतें:कोटड़ी में 16 लाख की लागत से लगेगी रीसाइक्लिंग मशीन, पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उठाया महत्वपूर्ण कदम



कोटड़ी पंचायत समिति ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। समिति ने 26 जनवरी 2026 तक ब्लॉक की सभी 33 ग्राम पंचायतों को “प्लास्टिक पॉलिथीन मुक्त” बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

इस अभियान के तहत, प्रत्येक ग्राम पंचायत को नवंबर माह के भीतर 100 किलोग्राम प्लास्टिक पॉलिथीन एकत्रित करनी होगी। यह एकत्रित प्लास्टिक पंचायत समिति स्तर पर स्थापित की जाने वाली रीसाइक्लिंग मशीन में पुनः उपयोग के लिए भेजी जाएगी।

प्रधान करण सिंह और विकास अधिकारी रामविलास मीणा ने बताया कि पंचायत समिति कोटड़ी लगभग 16 लाख रुपये की लागत से यह प्लास्टिक रीसाइक्लिंग मशीन स्थापित कर रही है। यह मशीन ब्लॉक स्तर पर प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन का एक नया मॉडल प्रस्तुत करेगी और राजस्थान में एक नवाचार की मिसाल बनेगी।

प्रधान करण सिंह और विकास अधिकारी मीणा ने सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कार्मिकों, प्रशासकों, ग्राम विकास अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवकों से इस मुहिम को जनआंदोलन का रूप देने में सहयोग की अपील की है।

उन्होंने लोगों से अपने घरों, कार्यालयों, देवस्थानों, स्कूलों और दुकानों से प्लास्टिक पॉलिथीन एकत्र कर ग्राम पंचायत तक पहुंचाने में मदद करने का आग्रह किया। साथ ही प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े या जूट के थैलों के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

विकास अधिकारी ने कहा कि यदि प्रत्येक ग्राम पंचायत इस दिशा में गंभीरता से कार्य करती है, तो कोटड़ी ब्लॉक राजस्थान में प्लास्टिक मुक्त ग्राम पंचायतों का एक आदर्श मॉडल स्थापित कर सकेगा।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button