BHILWARA

ईंट भट्टे पर करंट लगने से युवक की मौत, आंधी-तूफान के बीच हुआ हादसा


शाहपुरा।मूलचन्द पेसवानी
शाहपुरा थाना क्षेत्र के सूरत सिंह जी का खेड़ा स्थित एक ईंट भट्टे पर विगत रात्रि आए आंधी-तूफान के दौरान करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी आज सुबह मिलने पर क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रामस्वरूप पुत्र श्रीराम खटीक निवासी बनेड़ा, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रात में तेज आंधी और तूफान के कारण ईंट भट्टे की बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी। इसी दौरान इनवर्टर से लाइट चालू करने के प्रयास में इनवर्टर में आई खराबी के चलते करंट फैल गया, जिससे यह हादसा हुआ।
पूर्व सरपंच गणपत खटीक ने बताया कि संभवतः इनवर्टर चालू करते समय युवक करंट की चपेट में आ गया। सुबह अन्य मजदूरों के वहां पहुंचने पर रामस्वरूप अचेत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर शाहपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शाहपुरा जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही खटीक समाज के बड़ी संख्या में लोग जिला चिकित्सालय पहुंच गए और शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!