बालाजी मंदिर के बाहर फैली गंदगी से लोगों में रोष,

BHILWARA
Spread the love

गंगापुर की सफाई व्यवस्था चरमराई

गंगापुर शहर की कृषि मंडी रोड स्थित बालाजी मंदिर के बाहर पिछले कई दिनों से सफाई नहीं होने के कारण कचरे का ढेर लगा हुआ है तथा पास से गुजर रहा नाला भी कचरे से लबालब भरा पड़ा है। मंदिर क्षेत्र एवं आसपास के स्थानीय दुकानदारों ने कई बार नगर पालिका प्रशासन को शिकायत देकर सफाई करवाने की मांग की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने से लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ चुकी है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के कई मोहल्लों, बाजारों एवं मुख्य मार्गों पर नियमित सफाई नहीं होने से जगह-जगह गंदगी का अंबार लग रहा है।
नगर पालिका द्वारा हाल ही में सफाई व्यवस्था के तरीके में बदलाव किया गया है। अधिशासी अधिकारी द्वारा बाजार, बस स्टैंड एवं मुख्य रास्तों पर रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था लागू की गई है, जबकि पहले मोहल्लों में नियमित रूप से झाड़ू लगाई जाती थी एवं नालियों की सफाई भी होती थी। अब “आपका कचरा आपकी जिम्मेदारी” अभियान के तहत सफाई कर्मियों द्वारा घर-घर छोटी कचरा ट्रॉली लेकर कचरा एकत्रित किया जाता है तथा उसे टेंपो के माध्यम से संग्रहण केंद्र तक पहुंचाया जाता है।
नगरवासियों का आरोप है कि इस नई व्यवस्था के बाद मोहल्लों में झाड़ू लगना बंद हो गया है तथा नालियों की सफाई भी नियमित रूप से नहीं हो रही है। स्थिति यह हो गई है कि नागरिकों को अपने घरों के बाहर एवं मोहल्लों की सफाई स्वयं करनी पड़ रही है।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो महिलाएं एवं पुरुष मिलकर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देकर आंदोलन करेंगे। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से तुरंत सफाई करवाने एवं पूर्व की तरह नियमित सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।