बिजोलिया में विकास कार्यों की रफ्तार थमी, आधे-अधूरे प्रोजेक्ट बने जनता की परेशानी, छह माह पहले शुरू हुए कई काम अब तक अधर में, शहरवासी परेशान

BHILWARA
Spread the love



बिजोलिया। शहर को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने और विकास की नई तस्वीर दिखाने के दावों के बीच नगरपालिका के कई महत्वाकांक्षी कार्य अब सवालों के घेरे में आ गए हैं। करीब छह माह पहले बड़े स्तर पर शुरू किए गए विकास कार्य आज भी अधूरे पड़े हैं। कहीं सड़कें खुदी हुई हैं, कहीं निर्माण कार्य बीच में अटका है तो कहीं योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नजर आ रही हैं। हालात यह हैं कि विकास के नाम पर शुरू हुए काम अब आमजन के लिए परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं।



शहर के प्रमुख पथिक पार्क के जीर्णोद्धार को लेकर भी शुरुआत के बाद काम ठंडे बस्ते में चला गया। सफाई अभियान चलाकर पार्क को संवारने के दावे किए गए, लेकिन उसके बाद निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पाया। पार्क की स्थिति आज भी बदहाल बनी हुई है।



वहीं बस स्टैंड परिसर में दुकानों के ऊपर प्रस्तावित रैन बसेरा और अन्नपूर्णा भोजनशाला का निर्माण भी अब तक शुरू नहीं हो पाया है। बस स्टैंड बनने के बावजूद नियमित बसों का ठहराव शुरू नहीं होने से यात्रियों को भी राहत नहीं मिल सकी है।



शहर की मुख्य बूंदी रोड पर सड़क चौड़ीकरण कार्य भी अधूरा पड़ा है। सड़क के एक हिस्से में काम अधूरा होने से व्यापारियों और वाहन चालकों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी ओर जहां सड़क चौड़ी की गई है, वहां अव्यवस्थित पार्किंग के कारण जाम की स्थिति आम बात बन चुकी है।

नगरपालिका द्वारा चौराहों पर लाइटिंग व्यवस्था के लिए कई जगह सड़कें खोद दी गईं, लेकिन लंबे समय बाद भी कई स्थानों पर कार्य पूरा नहीं हो सका। अधूरे पड़े कार्यों से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। छोटा खेल मैदान में भी मिट्टी डालकर कार्य अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे मैदान की स्थिति खराब बनी हुई है।

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और नए पट्टों की प्रक्रिया भी अधूरी पड़ी है। शहरवासियों का कहना है कि विकास कार्यों की सुस्त रफ्तार और अधूरे प्रोजेक्ट नगरपालिका की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

इधर, अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार मंगल ने बताया कि बूंदी रोड पर विद्युत पोल शिफ्ट नहीं होने के कारण सड़क चौड़ीकरण कार्य लंबित है। बस स्टैंड भवन निर्माण कार्य में अभी करीब छह माह और लगेंगे। नगर में लाइटिंग कार्य जारी है तथा कनेक्शन के लिए नौ फाइलें लगाई गई हैं। छोटा खेल मैदान का कार्य जल्द शुरू करवाया जाएगा, जबकि पथिक पार्क का कार्य विभागीय प्रक्रिया पूरी होते ही शुरू किया जाएगा।