दो करोड़ की लागत से बने बाबा रामदेव मंदिर में 109 जोड़ों ने दी आहुतियां, धार्मिक माहौल में हुआ यज्ञ

BHILWARA
Spread the love



दिलखुश मोटीस

सावर(अजमेर)@ग्राम पिपलाज में रेगर समाज द्वारा नवनिर्मित भगवान बाबा रामदेव के भव्य मंदिर में मूर्ति स्थापना, मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा एवं शिखर कलश स्थापना को लेकर आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों के तहत रविवार को दूसरे दिन विशाल यज्ञ एवं हवन कार्यक्रम आयोजित हुआ। करीब दो करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुए इस भव्य मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
यज्ञाचार्य संत रामलाल जोजर एवं सह आचार्य नानूराम शक्करगढ़ के सानिध्य में 25 हवन कुंडों की वेदियों पर रेगर समाज के 109 जोड़ो ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां देकर धर्म लाभ प्राप्त किया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति एवं श्रद्धा का माहौल बना रहा। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बिजली, पानी एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखा।
इस अवसर पर धर्मसभा को संबोधित करते हुए संत रामलाल जोजर ने कहा कि यज्ञ एवं हवन से न केवल देवी-देवता प्रसन्न होते हैं, बल्कि वैज्ञानिक दृष्टि से भी वातावरण शुद्ध होता है। हवन में प्रयुक्त घी एवं जड़ी-बूटियों से निकलने वाला धुआं दूषित वातावरण को शुद्ध कर मानव जीवन के लिए लाभकारी सिद्ध होता है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में यज्ञ को मानव कल्याण का प्रेरक माना गया है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक यज्ञ का लाभ लेना चाहिए।
कार्यक्रम में सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि 25 मई को मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा एवं शिखर कलश स्थापना कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में समाज बंधु शामिल होंगे।