अतिक्रमण हटाने में टूटी नालियों के पुनर्निर्माण की मांग

BHILWARA
Spread the love



भीलवाड़ा। उपभोक्ता कल्याण समिति राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष अशोक जैन के नेतृत्व में समिति पदाधिकारियों ने सोमवार को अतिरिक्त कलेक्टर (प्रशासन) प्रकाशचंद्र को ज्ञापन सौंपकर शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान क्षतिग्रस्त हुई नालियों के शीघ्र पुनर्निर्माण की मांग की।

समिति के प्रदेश महामंत्री जितेन्द्र कुमार मारू ने बताया कि नगर निकायों द्वारा पूर्व में शहर के विभिन्न बाजारों एवं रिहायशी क्षेत्रों में सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। इस दौरान घरों और प्रतिष्ठानों के बाहर बनी नालियां व चबूतरे क्षतिग्रस्त हो गए थे। लंबे समय बीत जाने के बावजूद इनका पुनर्निर्माण नहीं होने से आमजन और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि टूटी नालियों के कारण गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है, जिससे आवागमन बाधित होने के साथ-साथ गंदगी और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। आगामी मानसून में स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई गई है।

समिति ने अतिरिक्त कलेक्टर से मामले में त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को नालियों के पुनर्निर्माण के निर्देश जारी करने की मांग की। इस पर अतिरिक्त कलेक्टर ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।

ज्ञापन के दौरान संरक्षक आशा रामावत, मंजू पोखरना, महिला प्रदेशाध्यक्ष संगीता अग्रवाल, प्रदेश संगठन मंत्री पंकज हेमराजानी, युवा प्रकोष्ठ प्रदेशाध्यक्ष अनिल पारीक, महिला युवा प्रदेशाध्यक्ष निशा कंवर गौड़, युवा प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यप्रकाश सरगरा, जिलाध्यक्ष राजेश पाटनी, जिला सचिव कमलेश बोडाना, एडवोकेट पीरूसिंह गौड़, अनिल मेहता सहित समिति के कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।