BHILWARA

अंता उपचुनाव: डोटासरा का नरेश मीणा पर इशारों में वार, बोले- यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा; BJP को भी घेरा



Anta Assembly By-election: राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने अंता विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने अंता विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। इससे पहले बूंदी पहुंचे डोटासरा का सर्किट हाउस में विधायक हरिमोहन शर्मा सहित सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान डोटासरा ने कांग्रेस की जीत का दावा ठोंका और कहा कि जनता भाजपा की नीतियों से ऊब चुकी है। अंता उपचुनाव में इसका करारा जवाब मिलेगा।

डोटासरा ने भाजपा शासित राजस्थान में कानून-व्यवस्था की बदतर स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेशभर में अपराध और हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे। लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। सरकार पूरी तरह असफल साबित हुई है।

उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान में जो घटनाएं हो रही हैं, उससे साफ जाहिर है कि सरकार का नियंत्रण खत्म हो चुका है। गुजरात मॉडल की तर्ज पर पूरी कैबिनेट बदल देनी चाहिए। नई टीम और नए चेहरों की जरूरत है, ताकि जनता को राहत मिल सके।

‘अंता में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा’
अंता उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार नरेश मीणा के काफिले को रोके जाने की घटना पर डोटासरा ने इशारों-ही-इशारों में निशाना साधा। पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा कि नरेश मीणा पर कोई हमला नहीं हुआ, लेकिन उनके काफिले को आधे घंटे तक रोका गया। अंता में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा साफ दिख रहा है, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं।

डोटासरा ने कहा कि ऐसे तत्वों के खिलाफ प्रशासन को सख्ती दिखानी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा समर्थित गुंडा तत्व चुनावी माहौल को दूषित कर रहे हैं।

पार्टी पूरी ताकत से मैदान में है- डोटासरा
पीसीसी अध्यक्ष ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि पार्टी पूरी ताकत से मैदान में है। राज्यभर में संगठन को सक्रिय कर जनता के बीच मजबूती से खड़ा किया जा रहा है। जनता अब भाजपा की नाकामियों का हिसाब मांगेगी। अंता उपचुनाव सिर्फ एक सीट का सवाल नहीं, बल्कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ रेफरेंडम है।

डोटासरा ने केंद्र की मोदी सरकार पर भी हमला बोला। कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और किसान विरोधी नीतियों से जनता त्रस्त है। राजस्थान में भाजपा की डबल इंजन सरकार पूरी तरह फेल साबित हुई है। आने वाले दिनों में उपचुनावों में जनता इसका करारा जवाब देगी। इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर लढ़ा, पूर्व जिला प्रमुख चित्रा गुर्जर, बूंदी ब्लॉक अध्यक्ष भंवर सिंह, युवक कांग्रेस नेता अर्जुन गुर्जर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!