*सांसद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से भीलवाड़ा के विकास पर की विस्तृत चर्चा*

BHILWARA
Spread the love


*हवाई सेवा, नए रेलवे ट्रैक और ESI अस्पताल पर हुई अहम चर्चा*

*ब्यूरो चीफ पुनित चपलोत*

भीलवाड़ा //  सांसद दामोदर अग्रवाल ने आज जयपुर स्थित सीएमआर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ भीलवाड़ा जिले में विकास की संभावनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। चर्चा के दौरान सांसद अग्रवाल ने मुख्य रूप से भीलवाड़ा से कमर्शियल हवाई सेवाएं शुरू करने, नए रेलवे ट्रैक के निर्माण तथा ESI हॉस्पिटल को केंद्र सरकार के अधीन संचालित करने का मुद्दा उठाया।

सांसद प्रवक्ता विनोद झुरानी ने बताया कि सांसद अग्रवाल भीलवाड़ा के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। वे प्रतिदिन जिले के विकास कार्यों को लेकर दिल्ली और जयपुर में केंद्र व राज्य सरकार के मंत्रियों और अधिकारियों से चर्चा कर रहे हैं तथा विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

इसी क्रम में सांसद अग्रवाल ने सीएमआर में मुख्यमंत्री से मुलाकात करने के साथ ही राजस्थान सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम दक से भी सचिवालय में मुलाकात कर भीलवाड़ा में कमर्शियल फ्लाइट शुरू करने की मांग रखी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नागरिक उड्डयन विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल बात कर भीलवाड़ा में कमर्शियल फ्लाइट शुरू करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

सांसद अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने भीलवाड़ा जिले के समग्र विकास को लेकर उनकी बात गंभीरता से सुनी और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।