शक्करगढ़।
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति (NMMS) परीक्षा-2026 में राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय शक्करगढ़ की छात्रा जिया टेलर पुत्री मुकेश कुमार दर्जी ने राजस्थान स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र, विद्यालय एवं परिवार का नाम रोशन किया है।

जिया की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से विद्यालय परिवार सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिया ने राज्य में शीर्ष स्थान हासिल किया, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना (NMMS) के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को केंद्र सरकार द्वारा कक्षा 9 से 12 तक प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इस प्रकार विद्यार्थियों को चार वर्षों में कुल 48 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलती है, जिससे उनकी शिक्षा को प्रोत्साहन मिलता है।

जिया की सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए उसे उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिया की मेहनत, लगन और अनुशासित अध्ययन का यह परिणाम है, जिससे शक्करगढ़ का नाम पूरे राजस्थान में गौरवान्वित हुआ है।
