सन्डे ऑन साइकिल अभियान के तहत बड़लियास में साइकिल रैली का आयोजन

BHILWARA
Spread the love



बड़लियास ( रोशन वैष्णव)
बड़लियास फिट इंडिया अभियान एवं स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को “सन्डे ऑन साइकिल” अभियान के तहत थाना बड़लियास द्वारा साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व थाना अधिकारी जसवंत सिंह ने किया।


साइकिल रैली थाना बड़लियास से रवाना होकर श्री चंवरा के हनुमान जी मंदिर तक पहुंची। रैली में पुलिसकर्मियों के साथ स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
रैली की सबसे विशेष बात यह रही कि मात्र 7 वर्षीय हिमांशु ने भी पुलिसकर्मियों के साथ पूरे उत्साह के साथ लगभग 5 किलोमीटर तक साइकिल चलाई। छोटे बच्चे के इस जज्बे और फिटनेस के प्रति जागरूकता को देखकर सभी प्रतिभागियों ने उसकी सराहना की। थाना अधिकारी जसवंत सिंह ने हिमांशु का उत्साहवर्धन करते हुए उसे धन्यवाद दिया और उसके प्रयास की प्रशंसा की।
इस अवसर पर थाना अधिकारी जसवंत सिंह ने कहा कि नियमित रूप से साइकिल चलाने से शरीर स्वस्थ रहता है तथा पर्यावरण प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलती है। उन्होंने युवाओं से फिट रहने और दैनिक जीवन में व्यायाम को अपनाने का आह्वान किया।
रैली के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा फिट इंडिया अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और साइकिल के उपयोग को प्रोत्साहित करना है।