*राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष ने फीता काटकर प्रदर्शनी का किया उद्घाटन; 12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के थीम पर आधारित है प्रदर्शनी*
भीलवाड़ा , 13 जून। जिला प्रशासन व सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के तत्वावधान में केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों, विकासात्मक कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित जिला स्तरीय प्रदर्शनी का शनिवार को भीलवाड़ा में भव्य शुभारंभ हुआ। नगर निगम स्थित महाराणा प्रताप सभागार में आयोजित इस प्रदर्शनी का शुभारंभ राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष श्री अरुण चतुर्वेदी ने विधिवत फीता खोलकर किया। इस दौरान अन्य अतिथियों में शहर विधायक श्री अशोक कोठारी व वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री प्रशांत मेवाड़ा भी मौजूद रहे।

*विकास और जनकल्याण के 12 वर्षों का प्रदर्शन*
“12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” थीम पर आधारित यह प्रदर्शनी 14 जून 2026 तक आमजन के लिए उपलब्ध रहेगी। इस प्रदर्शनी के माध्यम से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा विगत वर्षों में केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं, ढांचागत विकास और जनहितैषी निर्णयों को आकर्षक चित्रों और सूचनात्मक पैनलों के जरिए प्रदर्शित किया गया है। शुभारंभ के पश्चात श्री चतुर्वेदी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कहा कि यह आयोजन आमजन को सरकार की योजनाओं से रूबरू कराने और उनसे लाभान्वित होने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
*आमजन के लिए सूचना का सशक्त माध्यम*
आयोजित प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाना है। प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, सहित कृषि, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में हुए नवाचारों को प्रमुखता से दर्शाया गया है।
इस अवसर पर शहर विधायक श्री अशोक कोठारी, जनप्रतिनिधि श्री प्रशांत मेवाड़ा, जिला परिषद सीईओ श्री चंद्रभान सिंह भाटी, जनसंपर्क अधिकारी श्री रवींद्र वैष्णव, श्री अविनाश जीनगर, श्री कुलदीप शर्मा, श्री अंकुर बोरदिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
