*16 जून को भाजपा के विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में जुटेंगे जिले भर के प्रबुद्ध जन*
*भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ होंगे मुख्य वक्ता, कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी*
भीलवाड़ा 14 जून। भाजपा प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार भाजपा जिला पदाधिकारियों की मासिक बैठक जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के नेतृत्व में जिला कार्यालय पर आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक चर्चा के साथ ही मोदी सरकार के 12 वर्षों के उपलक्ष्य में 16 जून को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने वाले विकसित भारत संकल्प सम्मेलन को सफल बनाने को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि बैठक में जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गौरवशाली और ऐतिहासिक 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले भर में आयोजित हो रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में 16 जून को भाजपा जिला कार्यालय पर विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन प्रातः 11.30 बजे किया जाएगा, जिसमें जिले भर से प्रबुद्ध जन भाग लेंगे। आयोजन में मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ उपस्थित रहेंगे।
मेवाड़ा ने बैठक में मंडल बैठकों के समयबद्ध और व्यवस्थित आयोजन, बूथ मैपिंग के साथ ही सक्रिय कार्यकर्ताओं को जोड़ते हुए बूथ समितियों के गठन को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए। इसके साथ ही जिलेभर में चल रहे शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों व जनसंपर्क अभियान में सहभागिता का भी आह्वान किया। उन्होंने 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के वृहद आयोजन को मंडल स्तर तक सफल बनाने की बात कही। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने अनेक संगठनात्मक सुझाव भी दिए। इस अवसर पर जिला महामंत्री अविनाश जीनगर, कन्हैयालाल जाट, प्रहलाद त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में भाजपा जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।
