स्कूल खेल शिक्षा को मजबूत करने और पीटीआई भर्ती में 3000 पदों की मांग की
भीलवाड़ा –
स्थानीय लाडो स्पोर्ट्स एकेडमी द्वारा राजस्थान के सरकारी स्कूलों में खेल शिक्षा को सुदृढ़ करने तथा शारीरिक शिक्षकों के रिक्त पदों को बढ़ाने की मांग को लेकर एक व्यापक मुहिम शुरू की गई है। इस सिलसिले में एकेडमी के पदाधिकारियों ने भीलवाड़ा जिला कलेक्टर के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री, महामहिम राज्यपाल एवं शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे।

अध्यक्ष किशन मालावत के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापनों में इस बात पर गहरी चिंता व्यक्त की गई है कि राजस्थान में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन स्कूलों में पर्याप्त संख्या में शारीरिक शिक्षक (पीटीआई) उपलब्ध नहीं होने के कारण ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण खेल प्रशिक्षण नहीं मिल पा रहा है।
ज्ञापन में मुख्य मांगे – (1) आगामी पीटीआई भर्ती 2026 में पदों की संख्या को बढ़ाकर कम से कम 3000 किया जाए ताकि बेरोजगार शारीरिक शिक्षक प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार मिल सके, (2) राज्य के सभी राजकीय विद्यालयों में लंबे समय से खाली चल रहे पीटीआई के पदों पर शीघ्र नियुक्तियां की जाएं। (3) महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों सहित राज्य के सभी आधुनिक स्कूलों में खेल शिक्षकों की नियुक्ति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित हो। (4) ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचल के सरकारी स्कूलों में खेल मैदानों, खेल सुविधाओं और योग्य प्रशिक्षकों (कोचेस) की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए। (5) विद्यालय स्तर से ही खेल संस्कृति को मजबूत कर राज्य को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक से अधिक खिलाड़ी देने हेतु ठोस खेल नीति बनाई जाए।
लाडो स्पोर्ट्स एकेडमी के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया है कि राज्य सरकार प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों और बेरोजगार खेल युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए इन मांगों पर सकारात्मक और त्वरित कार्रवाई करेगी।
इस दौरान संजय खोईवाल, लवराज गुर्जर, प्रहलाद खटीक, कमल भाटिया, तुलसी छीपा, महेन्द्र गुर्जर, विनोद गुर्जर, कल्पेश खटीक, छोटूराम सेन, रमेश गुर्जर, दिनेश गुर्जर, महावीर गुर्जर, सुमित्रा पूर्बिया, गट्टू शक्तावत सहित एकेडमी से जुड़े कई खेल प्रेमी और स्थानीय युवा भी उपस्थित रहे।
