अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर श्री मुनिकुल ब्रह्मचर्य आश्रम वेद संस्थान में हुआ योगाभ्यास

BHILWARA
Spread the love




बड़लियास (रोशन वैष्णव )
बरूदनी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर श्री मुनिकुल ब्रह्मचर्य आश्रम वेद संस्थान की सभी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। संस्थान के वेद विद्यालय में श्री ईश्वर शर्मा के निर्देशन में, श्रीमती लाडदेवी शर्मा पंचोली आदर्श संस्कृत महाविद्यालय में डॉ. नवल किशोर चौधरी के नेतृत्व में तथा वरिष्ठोपाध्याय संस्कृत विद्यालय में विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने सामूहिक रूप से योग किया।
इसके साथ ही ब्रह्मर्षि डॉ. बदरीनारायण पंचोली वैदिक कौशल विकास केंद्र के विद्यार्थियों ने भी पूर्ण उत्साह एवं अनुशासन के साथ योग कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम में सभी गतिविधियों के छात्र-छात्राएं, शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पंडित गोपाल त्रिपाठी ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए वेदों में वर्णित योग की महत्ता, उससे होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभ तथा महर्षि पतंजलि के योगदान के बारे में अपने विशिष्ट वैदिक एवं शायरी शैली में सारगर्भित उद्बोधन दिया। उन्होंने नियमित योग को स्वस्थ, संतुलित एवं सफल जीवन का आधार बताया।
योग कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, ऊर्जा एवं सकारात्मकता से परिपूर्ण रहा।