सरकारी डाकबंगले में शराब पार्टी पर उठे सवालय पुलिस प्रतिष्ठित युवकों की भूमिका भी खंगाल रही
शाहपुरा. मूलचन्द पेसवानी
उम्मेद सागर बांध स्थित जल संसाधन विभाग के डाकबंगले में रविवार को दोस्तों की पार्टी के दौरान हुई फायरिंग के मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के लिए कई पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, रविवार दोपहर आधा दर्जन युवक उम्मेद सागर बांध क्षेत्र में पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान आपसी कहासुनी विवाद में बदल गई और अचानक बंदूक से फायर हो गया। फायरिंग में गाडरी खेड़ा निवासी महेंद्र कहार गंभीर घायल हो गया। गोली के छर्रे उसके पैर में लगे, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। उसे तत्काल शाहपुरा जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद भीलवाड़ा रेफर कर दिया गया।
शाहपुरा थाना पुलिस ने पुलिस उपाधीक्षक ओमप्रकाश विष्नोई के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में विनोद नायक (सेवनी), सूरज हरिजन (उदयभान गेट) और किशन बागरिया (गांछा बस्ती) शामिल हैं। तीनों को शाहपुरा एसीजेएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां पूछताछ और बरामदगी के लिए दो दिन के रिमांड पर सौंपा गया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि विनोद नायक ने टोपीदार बंदूक से फायर किया था। घायल महेंद्र के पैर में तीन छर्रे लगे हैं और उसका उपचार भीलवाड़ा में जारी है। घटना के समय उसके साथ किशन गुर्जर और टिल्लू गुर्जर भी मौजूद थे।
जांच में एक बड़ा सवाल यह भी उभरकर सामने आया है कि सरकारी डाकबंगले में पार्टी कैसे हुई। सूत्रों के अनुसार पार्टी में शाहपुरा के कुछ प्रतिष्ठित परिवारों से जुड़े युवक भी मौजूद थे। पुलिस अब उनकी भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
साथ ही डाकबंगले में तैनात कार्मिक की भूमिका भी जांच के घेरे में है। पुलिस यह पता लगा रही है कि कर्मचारी मौके पर मौजूद था या नहीं, और क्या उसे पार्टी की जानकारी थी।
पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान कई अहम खुलासे हो सकते हैं। हथियार की बरामदगी, पार्टी आयोजकों और मौके पर मौजूद अन्य युवकों की भूमिका से पर्दा उठना अभी बाकी है।
