*स्टेट हाईवे-12 बना मौत का रास्ता! सरदार नगर से शाहपुरा चौराहे तक जर्जर सड़क, हर दिन हादसों का खतरा*

BHILWARA
Spread the love



*भीलवाड़ा फोकस न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी*


जयपुर-उदयपुर को जोड़ने वाले स्टेट हाईवे-12 की हालत दिनोंदिन बदतर होती जा रही है। सरदार नगर, कमालपुरा, कंकोलिया, शाहपुरा चौराहा सहित सैकड़ों स्थानों पर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और उखड़ी हुई सड़क वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। आए दिन छोटे-बड़े सड़क हादसे हो रहे हैं, जिनमें कई लोग असमय अपनी जान गंवा चुके हैं।

सबसे गंभीर समस्या सड़क और उसके किनारों के बीच बने ऊंचाई के अंतर की है। सड़क की सतह और साइड शोल्डर में काफी गहराई होने के कारण वाहन यदि एक बार सड़क से नीचे उतर जाए तो दोबारा ऊपर चढ़ाना बेहद जोखिमभरा हो जाता है। खासकर दोपहिया वाहन चालक और रात के समय सफर करने वाले लोग हर पल दुर्घटना की आशंका के बीच सफर करने को मजबूर हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग जयपुर और उदयपुर को जोड़ने वाला अत्यंत व्यस्त राजमार्ग है, जहां दिन-रात भारी वाहनों, बसों और निजी वाहनों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों और वाहन चालकों ने कई बार संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित किया, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

क्षेत्रवासियों ने राज्य सरकार और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि स्टेट हाईवे-12 पर सरदार नगर, कमालपुरा, कंकोलिया, शाहपुरा चौराहा सहित क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत कर सड़क के किनारों को समतल किया जाए, ताकि हादसों पर रोक लग सके और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।