BHILWARA

घर पर दाल-रोटी खाने के बाद एक ही परिवार के 8 जनों की बिगड़ी हालत, तीन महिलाएं और तीन बच्चों समेत 8 लोग अस्पताल में भर्ती



*पुनित चपलोत*
भीलवाड़ा। जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के भीमपुरा गांव में शनिवार सुबह एक ही परिवार के आठ लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। परिवार के सभी सदस्यों ने शुक्रवार रात घर पर बनी चने की दाल और रोटी खाई थी। रात को सभी सामान्य थे, लेकिन सुबह उठते ही एक-एक कर सभी को उल्टी, दस्त, घबराहट और बेचैनी की शिकायत होने लगी।

परिजनों ने तत्काल सभी आठ लोगों को शाहपुरा उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने सभी को भीलवाड़ा के महात्मा गांधी चिकित्सालय रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।



अस्पताल में भर्ती देवा खारोल ने बताया कि शुक्रवार रात पूरे परिवार ने घर पर बनी चने की दाल और रोटी खाई थी। सुबह उठने पर पहले एक सदस्य की तबीयत बिगड़ी और फिर देखते ही देखते सभी बीमार हो गए। उन्होंने आशंका जताई कि संभवतः दाल में कोई जहरीला कीड़ा या अन्य विषैला जीव गिर गया होगा, जिससे फूड पॉइजनिंग जैसी स्थिति बनी।



बीमार होने वालों में तीन महिलाएं, दो पुरुष और तीन बच्चे शामिल हैं। चिकित्सक सभी की निगरानी में उपचार कर रहे हैं। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।  प्रारंभिक तौर पर इसे संदिग्ध फूड पॉइजनिंग का मामला माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!