BHILWARA

जोगणियां माताजी एनिकट में डूबने से युवक की मौत, झुंझुनूं का था निवासी

बेगूं। जोगणियां माताजी शक्ति पीठ के एनिकट पर शुक्रवार सुबह दर्शन करने आए एक युवक की नहाते समय पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस व बचाव दल को सूचना दी गई।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान झुंझुनूं जिले की उदयपुरवाटी तहसील के पचलंगी थाना क्षेत्र के जोधपुरा गांव निवासी दिलीप सिंह (25) पुत्र जयसिंह राजपूत के रूप में हुई है। वह अपने रिश्तेदारों के साथ पैदल यात्रा कर जोगणियां माताजी के दर्शन के लिए पहुंचा था। दर्शन से पहले एनिकट में स्नान करते समय अचानक गहरे पानी में चला गया और बाहर नहीं निकल सका।



घटना की जानकारी मिलने पर बेगूं डीएसपी अंजलि सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचीं। वहीं चित्तौड़गढ़ से पहुंची एसडीआरएफ टीम और बेगूं के गोताखोरों ने संयुक्त बचाव अभियान चलाकर युवक को पानी से बाहर निकाला। इस दौरान जोगणियां माता संस्थान के कर्मचारियों ने भी सहयोग किया। युवक को बेगूं उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बताया गया कि जोगणियां माताजी के पुराने कुंड पर बना यह एनिकट करीब 25 फीट गहरा है। मृतक दिलीप सिंह अपने पिता जयसिंह का इकलौता बेटा था।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!