बिजोलिया – शुभम । कस्बे के विंध्यवासिनी माताजी मंदिर परिसर में बीमार एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ अवस्था में मिले एक अज्ञात व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को उप जिला चिकित्सालय बिजोलिया की मोर्चरी में रखवाकर उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
हेड कांस्टेबल जुगराज सिंह ने बताया कि 20 जुलाई को बूंदी पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि बिजोलिया से उपचार के लिए रेफर किए गए अज्ञात व्यक्ति की बूंदी में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई है। सूचना के बाद पुलिस ने जांच की तो सामने आया कि उक्त व्यक्ति कुछ दिन पहले विंध्यवासिनी माताजी मंदिर परिसर में मिला था। वह अपना नाम-पता बताने में असमर्थ था और मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा था। उसे पहले उप जिला चिकित्सालय बिजोलिया में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते बूंदी रेफर किया गया था।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष, लंबाई लगभग 5 फीट 7 इंच, रंग सांवला तथा शरीर मध्यम एवं दुबला-पतला है। उसके चेहरे पर काली दाढ़ी-मूंछ है। उसने टी-शर्ट और पैंट पहन रखी थी तथा दाहिने हाथ पर हिंदी में ‘गोलू’ लिखा हुआ है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक की पहचान या उसके परिजनों के संबंध में जानकारी रखता हो तो तत्काल पुलिस थाना बिजोलिया को सूचना दें, ताकि शव की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
