*हर साल 21 पौधे लगाने का संकल्प, 5 साल से निभा रहे पर्यावरण धर्म*

BHILWARA
Spread the love



*फोकस भीलवाड़ा न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी*

आज के दौर में जहां हरियाली बचाने की बातें तो बहुत होती हैं, वहीं लोटियास के समाजसेवी पिंटूलाल कुमावत पिछले पांच वर्षों से अपने संकल्प को धरातल पर उतारकर पर्यावरण संरक्षण की मिसाल पेश कर रहे हैं। उन्होंने हर वर्ष 21 पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा व देखभाल करने का संकल्प लिया है।

इसी संकल्प की कड़ी में इस वर्ष भी उन्होंने लोटियास की चारागाह भूमि पर 21 पौधे लगाए। खास बात यह रही कि पौधे लगाने के साथ उनकी सुरक्षा का भी इंतजाम किया गया। पौधों के चारों ओर लोहे की जाली लगाई गई, ताकि पशुओं से पौधों को नुकसान न पहुंचे और वे सुरक्षित रूप से पेड़ का रूप ले सकें।

इस अवसर पर पंकज कुमावत, गोपाल जाट एवं श्रीराम कुमावत भी मौजूद रहे।

पिंटूलाल कुमावत का कहना है कि “पौधा लगाना आसान है, लेकिन उसे पेड़ बनने तक संभालना असली जिम्मेदारी है।” उनका मानना है कि यदि हर व्यक्ति अपने जीवन में कुछ पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण को बेहतर बनाया जा सकता है।

पिछले 5 वर्षों में हर साल 21 पौधे लगाने का उनका यह संकल्प अब केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि क्षेत्र के लोगों के लिए पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा बनता जा रहा है।

एक व्यक्ति, हर साल 21 पौधे और पांच साल से लगातार प्रयास—पिंटूलाल कुमावत का यह छोटा सा संकल्प आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली की बड़ी सौगात बन सकता है।