बस स्टैंड परिसर में दिनभर मंडराते रहते हैं कुत्तों के झुंड, हादसे की आशंका से लोगों में भय
बिजौलिया – शुभम जैन । कस्बे के मुख्य बस स्टैंड पर इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बस स्टैंड परिसर और आसपास की सड़कों पर कुत्तों के झुंड दिनभर घूमते नजर आते हैं। इससे यात्रियों, दुकानदारों और राहगीरों में डर का माहौल बना हुआ है।
बसों के आने-जाने के दौरान कई बार कुत्ते अचानक सड़क पर आ जाते हैं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं पैदल यात्रियों और विशेषकर बच्चों व बुजुर्गों के लिए भी यह स्थिति चिंता का कारण बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुत्तों के झुंड कई बार राहगीरों के पीछे दौड़ पड़ते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
लोगों ने बताया कि बस स्टैंड जैसे व्यस्त सार्वजनिक स्थान पर आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को लेकर जिम्मेदार विभाग को कई बार ध्यान दिलाया गया है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन एवं नगर पालिका से मांग की है कि बस स्टैंड सहित कस्बे के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर आवारा कुत्तों की समस्या का जल्द समाधान किया जाए, ताकि यात्रियों और आमजन को भयमुक्त माहौल मिल सके।
