धर्मस्थल से पर्यावरण संरक्षण का संदेश, गोगा कुई के बालाजी मंदिर में रोपे कल्पवृक्ष के पौधे

BHILWARA
Spread the love


शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
पर्यावरण संरक्षण को जनजागरण से जोड़ने की अनूठी पहल के तहत मंगलवार को धार्मिक स्थल पर पौधरोपण किया गया। तहनाल गेट के बाहर स्थित गोगा कुई के बालाजी मंदिर परिसर में मानस मर्मज्ञ पं. रघुनाथ प्रसाद वैष्णव ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कल्पवृक्ष के जोड़े का पौधरोपण किया।
पौधरोपण के दौरान धार्मिक वातावरण में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हनुमान चालीसा का वाचन भी किया गया। पं. वैष्णव ने कहा कि धार्मिक स्थलों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़कर लोगों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और पेड़-पौधों के संरक्षण की भावना को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को शुद्ध करने का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में जीवन का आधार माने गए हैं।
इस अवसर पर मंदिर के पुजारी विद्याव्रत, रावला घाट मंदिर की पुजारी मुन्ना बाई, विमला देवी एवं देबीलाल बैरवा मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।
धार्मिक स्थल परिसर में हुए इस पौधरोपण से श्रद्धा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी लोगों तक पहुंचा। आयोजन ने यह संदेश दिया कि यदि प्रत्येक धार्मिक स्थल पर पौधरोपण और उनके संरक्षण को अभियान का रूप दिया जाए तो पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को व्यापक जनभागीदारी मिल सकती है।