BHILWARA

भीलवाड़ा में 10 से 14 जनवरी तक सजेगी प्रकृति की रंगीन दुनिया, प्लॉट लवर सोसायटी आयोजित करेगी पाँच दिवसीय भव्य फूल प्रदर्शनी

भीलवाड़ा, मूलचन्द पेसवानी
भीलवाड़ा शहरवासियों को प्रकृति, हरियाली और रचनात्मकता से जोड़ने के उद्देश्य से प्लॉट लवर सोसायटी की ओर से पाँच दिवसीय भव्य फूल प्रदर्शनी का आयोजन 10 जनवरी से 14 जनवरी तक किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन 10 जनवरी को प्रातः 10 बजे गणमान्य संतों के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा। आयोजन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है।

फ्लावर शो प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से रात्रि 10 बजे तक आम दर्शकों के लिए खुला रहेगा। वहीं, दोपहर 1 बजे तक का समय विशेष रूप से विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए निर्धारित किया गया है, ताकि बच्चे प्रकृति, पौधों और आधुनिक गार्डनिंग की जानकारी प्रत्यक्ष रूप से प्राप्त कर सकें। इस अवसर पर पूज्य संतों, समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों, विभिन्न एनजीओ, उद्योगपतियों सहित कई गणमान्य लोगों को प्रदर्शनी अवलोकन हेतु आमंत्रित किया गया है।

मीडिया प्रभारी कैलाश सोनी एवं पंकज मिश्रा ने बताया कि आयोजित प्रेस वार्ता में सोसायटी के अध्यक्ष सुनील चैधरी, सचिव प्रियंका सोमानी, कोषाध्यक्ष राकेश तिवारी एवं विशेष आमंत्रित राजकुमार बंब ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि इस फ्लावर शो में प्रतियोगिता, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पर्यावरण जागरूकता से जुड़े कई आकर्षण शामिल होंगे।



प्रदर्शनी के दौरान फूलों की रंगोली, कंटेनर गार्डनिंग एवं पुष्प सज्जा जैसी प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी, जिनमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएँगे। इसके साथ ही लगभग 600 वर्ग फुट क्षेत्र में छत पर सब्जी का बाग तैयार किया जाएगा, जिसमें आधुनिक गार्डनिंग की तर्ज पर विभिन्न प्रकार की सब्जियों के पौधे लगाए गए हैं। इच्छुक लोगों को घर पर सब्जी उगाने संबंधी सलाह भी दी जाएगी।

फ्लावर शो में बोन्साई उद्यान, सक्युलेंट उद्यान, औषधीय उद्यान एवं मौसमी फूलों की विशेष प्रजातियाँ भी प्रदर्शित की जाएँगी। इसके लिए नासिक, पुणे सहित अन्य शहरों से पौधे मंगवाए गए हैं। अलग-अलग पौधों को घरों में विशेष देखभाल के साथ तैयार किया गया है। लगभग 500 स्कूलों को इस कार्यक्रम की सूचना दी गई है तथा 50 से अधिक स्कूलों से सीधा संपर्क किया गया है। इनमें से 8 स्कूलों के बच्चे स्वयं अपनी पुष्प प्रदर्शनी लगाएँगे।

प्रदर्शनी में फूलों से बनी विभिन्न संरचनाएँ और स्टैच्यू दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। वहीं, भारत में निर्मित भारी भार उठाने वाले प्रक्षेपण रॉकेट जीएसएलवी एमके-प्प्प् (स्टड-3) की फूलों से बनी संरचना भी विशेष आकर्षण होगी। 10 जनवरी को मुख्य आकर्षण के रूप में जयपुर के ड्रीम्स रॉकस्टार बैंड द्वारा म्यूजिकल शो प्रस्तुत किया जाएगा।

आयोजन के अंतिम दिन संगीतमय योगासन का आयोजन होगा। साथ ही विवेकानंद केंद्र के माध्यम से विभिन्न स्कूलों की 500 बालिकाओं द्वारा सामूहिक सूर्य नमस्कार तथा 11 बालिकाओं द्वारा ‘वंदेमातरम्’ का गायन किया जाएगा। फ्लावर शो के सदस्यों ने भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर ऐसे पर्यावरण-प्रेरित आयोजनों के लिए एक विशेष टीम गठित करने की भी घोषणा की है।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button