कुंवर सौभाग्य सिंह बने बिजौलिया नगर पालिका के उपाध्यक्ष, 14 मत मिले

BHILWARA
Spread the love


आशा देवी जैन को मिले 11 मत, 25 पार्षदों ने किया मतदान

बिजौलिया। नगर पालिका के उपाध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को हुए निर्वाचन में वार्ड 19 के निर्दलीय पार्षद कुंवर सौभाग्य सिंह निर्वाचित हुए। चुनाव में उन्हें 14 मत मिले, जबकि कांग्रेस की पार्षद आशा देवी जैन को 11 मत प्राप्त हुए। इस तरह सौभाग्य सिंह ने 3 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।



उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन को लेकर सोमवार को नामांकन प्रक्रिया के दौरान चार फॉर्म खरीदे गए थे। इनमें वार्ड 19 के निर्दलीय विजेता पार्षद कुंवर सौभाग्य सिंह ने दो फॉर्म खरीदे थे, जबकि वार्ड 13 की कांग्रेस विजेता पार्षद आशा देवी जैन सहित अन्य पार्षदों ने भी नामांकन प्रक्रिया में रुचि दिखाई थी।



मंगलवार को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान कराया गया। नगर पालिका के सभी 25 पार्षदों ने मतदान किया। मतगणना में कुंवर सौभाग्य सिंह के पक्ष में 14 मत तथा आशा देवी जैन के पक्ष में 11 मत मिले। परिणाम घोषित होने के बाद सौभाग्य सिंह को उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।

परिणाम सामने आने के बाद समर्थकों ने खुशी जताई और नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष का स्वागत किया। चुनाव को लेकर नगर पालिका परिसर में दिनभर राजनीतिक गतिविधियां और चर्चाएं बनी रहीं।