Bhilwara News

वकील पर हमले के आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर भड़का आक्रोश, 12 अक्टूबर को जिलेभर की अदालतों में न्यायिक कार्य ठप

भीलवाड़ा। अधिवक्ता गोविंद मानमिया पर हमले के मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से वकीलों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट जिला अभिभाषक संस्था ने अब आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। इसके तहत सोमवार, 12 अक्टूबर को भीलवाड़ा जिले की सभी अधीनस्थ अदालतों में अधिवक्ता न्यायिक कार्य का बहिष्कार करेंगे। इस दौरान कोई भी अधिवक्ता न्यायालय में पैरवी नहीं करेगा। साथ ही अदालत परिसरों में विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा।

जिला अभिभाषक संस्था के अध्यक्ष उम्मेदसिंह राठौड़ के नेतृत्व में शुक्रवार को न्यायालय परिसर स्थित संस्था कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में अधिवक्ता गोविंद मानमिया पर हमले के मामले में अब तक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर नाराजगी जताई गई। अध्यक्ष राठौड़ ने बताया कि हमले के आरोपी दुर्गालाल उर्फ अक्षय गुर्जर उर्फ विक्रम की पहचान होने के बावजूद पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई है। वहीं, आरोपी का साथ देने के आरोप में महिला मारुति देवी सांसी की गिरफ्तारी हो चुकी है।

राठौड़ के अनुसार, दो दिन पहले पुलिस अधीक्षक ने जिला अभिभाषक संस्था को आश्वासन दिया था कि दो दिन में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने से अधिवक्ताओं में रोष है। उन्होंने इसे पुलिस की उदासीनता बताते हुए कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी तक अधिवक्ता चुप नहीं बैठेंगे।

बैठक में सर्वसम्मति से 12 अक्टूबर को जिलेभर की अधीनस्थ अदालतों में न्यायिक कार्य का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया। अध्यक्ष राठौड़ ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने मुख्य आरोपी को जल्द गिरफ्तार नहीं किया तो आंदोलन को प्रदेश स्तर तक विस्तार दिया जाएगा और राजस्थानभर में न्यायिक कार्य के बहिष्कार का आह्वान किया जाएगा।

बैठक में संस्था उपाध्यक्ष महिपाल सिंह राणावत, महासचिव पंकज दाधीच, रेवेन्यू महासचिव मनोहरलाल बुनकर, कोषाध्यक्ष रवि गोरानी, सह सचिव आदित्यसिंह चौहान सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!