नेहरू तलाई के सौंदर्यीकरण पर खर्च होंगे 18 करोड़

विधायक कोठारी ने अधिकारियों के साथ किया मौका निरीक्षणजुलाई 2027 तक कार्य पूरा करने के निर्देश
जुलाई 2027 तक कार्य पूरा करने के निर्देश
भीलवाड़ा 24अक्टूबर। शहर के प्रमुख ह्रदय स्थल नेहरू तलाई के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए प्रस्तावित 18 करोड़ रुपये की योजना को धरातल पर उतारने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में शनिवार को विधायक अशोक कुमार कोठारी ने अपनी टीम और नगर विकास न्यास के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते हुए आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
विधायक कोठारी ने कहा कि नेहरू उद्यान और नेहरू तलाई शहर के हृदय स्थल में स्थित महत्वपूर्ण सार्वजनिक संपत्तियां हैं। इनके सुव्यवस्थित विकास से शहरवासियों को मनोरंजन, घूमने-फिरने, पारिवारिक भ्रमण और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। योजना का उद्देश्य इस क्षेत्र को आकर्षक, स्वच्छ और व्यवस्थित सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करना है, जिससे नागरिकों के साथ बच्चों को भी मनोरंजन के बेहतर अवसर उपलब्ध हों।
निरीक्षण के दौरान विधायक कोठारी ने नेहरू तलाई के पानी को स्वच्छ बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध करने पर जोर दिया। उन्होंने इसके लिए 75 लाख रुपये की लागत से ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने, गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था तलाई से बाहर करने तथा जल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक उपाय करने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सौंदर्यीकरण के साथ पर्यावरण संरक्षण और जल स्वच्छता को भी प्राथमिकता दी जाए।
योजना के तहत नेहरू उद्यान एवं नेहरू तलाई क्षेत्र को मनोरंजन और पर्यटन की दृष्टि से आकर्षक बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसमें बच्चों के लिए ट्रेन, नौका विहार की सुविधा, पक्षियों के लिए टापू तथा व्यवस्थित पार्किंग जैसी सुविधाओं को विकसित करने पर जोर दिया गया। इन व्यवस्थाओं से क्षेत्र में आने वाले नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और यह स्थल परिवारों तथा बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकेगा।
विधायक कोठारी ने नगर विकास न्यास के अधिकारियों और संबंधित संवेदकों को आपसी समन्वय के साथ योजना की आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने तथा कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जुलाई 2027 तक विकास कार्यों को पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए गुणवत्ता और व्यवस्थित क्रियान्वयन पर जोर दिया, ताकि शहरवासियों को जल्द ही विकसित एवं आकर्षक सार्वजनिक स्थल की सौगात मिल सके।
निरीक्षण के दौरान पूर्व सभापति दिनेश शर्मा, गणेश प्रजापत, बाबूलाल टाक, गजेंद्र सिंह राठौड़, कमल कोठारी, केदार जागेटिया, एडवोकेट राघव आचार्य, पार्षद दिनेश सुथार सहित अन्य कार्यकर्ता, नगर विकास न्यास के अधिकारी एवं संबंधित संवेदक उपस्थित रहे।



