मेनाल के पास हाईवे पर हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से पैदल जा रहे युवक की मौत

भाई के साथ लाडपुरा से मेनाल जा रहा था मुकेश, हादसे में बाल-बाल बचा दूसरा भाई; पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
बिजोलिया ।
नेशनल हाईवे-27 पर रविवार सुबह एक सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की जान चली गई। लाडपुरा से मेनाल की ओर पैदल जा रहे दो भाइयों का सफर उस वक्त हादसे में बदल गया, जब तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनमें से एक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मुकेश भाट ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसके साथ चल रहा भाई सुरक्षित बच गया। घटना के बाद परिवार में शोक छा गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान चित्तौड़गढ़ जिले के भंडारिया गांव निवासी मुकेश कुमार भाट (32) पुत्र माणक भाट के रूप में हुई है। रविवार सुबह मुकेश अपने भाई संजय भाट के साथ लाडपुरा से मेनाल की तरफ पैदल जा रहा था। इसी दौरान हाईवे पर अज्ञात वाहन ने मुकेश को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की और शव को बेगूं उप जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, मुकेश वाहन चालक था और उसके परिवार में एक बेटा है।



