आरयूआईडीपी ने जल साक्षरता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को जल संरक्षण के लिए किया प्रेरित

एक सप्ताह, सात कार्य, एक ग्रह थीम के तहत महिलाओं ने ली जल बचाने की शपथ
गंगापुर, 3 नवंबर। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) की सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता इकाई (कैप) की ओर से ब्रिक्स सतत जीवन शैली सप्ताह के अंतर्गत गंगापुर में जल साक्षरता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को जल के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा पानी की बर्बादी रोककर उसके विवेकपूर्ण उपयोग के लिए प्रेरित करना रहा।
सरकार की ब्रिक्स राज्य कार्ययोजना के तहत 1 से 7 नवंबर तक सतत जीवन शैली सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत विभिन्न विभागों, स्कूल-कॉलेजों, स्वयंसेवी संगठनों, नागरिकों, व्यापारियों, स्वयंसेवकों और मीडिया की सहभागिता से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, ऊर्जा एवं जल संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने, ई-कचरे को कम करने तथा विभिन्न प्रकार के अपशिष्ट पदार्थों में कमी लाने के लिए जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इस सप्ताह की थीम ‘एक सप्ताह, सात कार्य, एक ग्रह’ रखी गई है।
इसी क्रम में आरयूआईडीपी की कैप इकाई की रेखा खटीक ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं महिला पर्यवेक्षक रामु आगाल के साथ जल साक्षरता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान महिलाओं को जल के महत्व, पानी की बर्बादी रोकने तथा दैनिक जीवन में पानी का उचित उपयोग करने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई।
रेखा खटीक ने महिलाओं को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि पानी हमारे जीवन का आधार है। प्रत्येक व्यक्ति को पानी की एक-एक बूंद बचाने का प्रयास करना चाहिए। घरों में पानी का अनावश्यक उपयोग रोककर तथा जल संरक्षण की आदत अपनाकर भविष्य के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने जल संरक्षण करने और पानी की बर्बादी रोकने की शपथ ली। साथ ही अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जल बचाने के लिए जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को संदेश दिया गया कि सामूहिक प्रयासों से ही जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाया जा सकता है। सभी को मिलकर हरित, स्वच्छ और बेहतर भविष्य के निर्माण में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।



