Bhilwara News

अन्नकूट महोत्सव पर चंवरा बालाजी धाम में सजेगा कवि सम्मेलन का भव्य मंच, दो दिवसीय आयोजन में उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब

बड़लियास( रोशन वैष्णव)
। मेवाड़ के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री चंवरा के हनुमान जी महाराज, बड़लियास में अन्नकूट के पावन अवसर पर भव्य दो दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन में विराट कवि सम्मेलन, संगीतमय सुंदरकांड, छप्पन भोग, महाआरती एवं प्रसादी वितरण जैसे विशेष कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
आयोजन के प्रथम दिन सोमवार, 9 नवंबर को रात्रि 8:15 बजे विराट कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। इसमें राजस्थान के ख्यातनाम कवि अपनी हास्य, ओजस्वी एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रचनाओं की प्रस्तुतियां देंगे। कवि सम्मेलन में कविता और हास्य का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
दूसरे दिन मंगलवार, 10 नवंबर को प्रातः 8:15 बजे संगीतमय सुंदरकांड पाठ होगा। संगीतमय सुंदरकांड की भक्तिमय प्रस्तुतियों से मंदिर परिसर गुंजायमान होगा। इसके बाद दोपहर 12:15 बजे से बालाजी महाराज को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। भव्य आरती, दर्शन एवं प्रसादी वितरण का कार्यक्रम आयोजित होगा।
भक्ति और साहित्य का होगा अनूठा संगम
चंवरा बालाजी धाम में आयोजित होने वाला यह दो दिवसीय महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ साहित्यिक और सांस्कृतिक रंग भी बिखेरेगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। आयोजकों ने बड़लियास सहित आसपास के गांवों के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लेने तथा बालाजी महाराज के दर्शन कर धर्मलाभ लेने की अपील की है। आयोजनकर्ता सुवालका परिवार (गेता पारोली) एवं श्री बालाजी गारमेंट्स, सवाईपुर की ओर से होगा भव्य कार्यक्रम

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!