Bhilwara News

शाहपुरा में अब 10 से 80 साल तक के बुजुर्ग भी खेलेंगे खेल, ‘खेलो राजस्थान-2026’ से हर उम्र को मिलेगा मैदान

नगर पालिका ने की घोषणा, तीन चरणों में होंगे खेल आयोजन, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को तलाशने की तैयारी, 10 साल से लेकर 80 वर्ष से अधिक आयु के लोग भी ले सकेंगे भाग

शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
खेल का मैदान अब केवल युवाओं और बच्चों तक सीमित नहीं रहेगा। शाहपुरा में 10 साल के बच्चों से लेकर 80 साल तक के बुजुर्ग भी खेलों में अपनी प्रतिभा और उत्साह दिखा सकेंगे। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘खेलो राजस्थान-2026’ के तहत प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को निखारने और हर आयु वर्ग को खेलों से जोड़ने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी क्रम में नगर पालिका शाहपुरा ने योजना की जानकारी देते इस आशय की आज घोषणा की है।
नगर पालिका आयुक्त रिंकल गुप्ता की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से राज्य सरकार की ओर से ‘खेलो राजस्थान-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। प्रशासन ने इसके लिए आदेश जारी कर दिए हैं। योजना की खास बात यह है कि इसमें उम्र की कोई ऊपरी सीमा निर्धारित नहीं की गई है। यानी 10 वर्ष से लेकर 80 वर्ष तक और उससे अधिक आयु के लोग भी अपनी रुचि के अनुसार खेलों में भाग ले सकेंगे।

तीन चरणों में होंगे खेल आयोजन-
योजना के तहत खेल प्रतियोगिताएं तीन चरणों में आयोजित होंगी। नगर पालिका की ओर से जारी जानकारी के अनुसार कार्यक्रम का आयोजन इस प्रकार होगा-

  • प्रथम चरण (दिसंबर 2026 से जनवरी 2027)- वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, रस्साकशी एवं तीरंदाजी।
  • द्वितीय चरण (अप्रैल-मई 2027)- कबड्डी, फुटबॉल, जुडो एवं शूटिंग।
  • तृतीय चरण (अगस्त-सितंबर 2027)- खो-खो, कुश्ती, बास्केटबॉल एवं तैराकी।
    इस तरह अलग-अलग चरणों में विविध खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

पहले ग्राम पंचायत स्तर, फिर जिला और राज्य स्तर पर मुकाबले-
गुप्ता के अनुसार पहले ग्राम पंचायत स्तर पर 26 दिन तक मुकाबले होंगे। इसके बाद ब्लॉक स्तर पर 10 दिन और फिर जिला एवं राज्य स्तर पर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य गांवों से लेकर शहरों तक खेल प्रतिभाओं को प्रतियोगिता के अवसर उपलब्ध कराना है।

मैदानों की व्यवस्था और प्रचार-प्रसार पर जोर-
नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि योजना के सफल आयोजन के लिए प्रशासन के सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में खेल मैदानों का चिन्हीकरण किया जाए। प्रचार-प्रसार और खिलाड़ियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं, ताकि कोई भी प्रतिभा इस महाकुंभ में भाग लेने से वंचित नहीं रहे।

रजिस्ट्रेशन के लिए ऑनलाइन पोर्टल-
खेलों में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। इसके लिए राज्य सरकार के खेल पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा।

पंजीकरण पोर्टल
खेलो राजस्थान-2026 ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल

अब देखना होगा कि शाहपुरा में इस योजना के तहत कितने खिलाड़ी और कितने बुजुर्ग खेल के मैदान में उतरकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं। यदि योजना का प्रभावी क्रियान्वयन होता है तो यह खेलों को गांव-गांव तक पहुंचाने और नई प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकती है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!