Bhilwara News

काछोला के वार्ड 11 में पेयजल संकट से मिली राहत, बोरवेल की मोटर चालू

कई दिनों से बंद पड़ी थी जलापूर्ति, सरपंच गीता देवी माली की त्वरित कार्रवाई से सुचारू हुई पानी की सप्लाई

असलम रंगरेज

काछोला। ग्राम पंचायत काछोला के वार्ड नंबर 11 स्थित चामुंडा माता रोड पर लंबे समय से बनी पेयजल समस्या का आखिरकार समाधान हो गया। बोरवेल की मोटर खराब होने से पानी की टंकी में जलापूर्ति बंद पड़ी थी, जिसके चलते वार्डवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

पूर्व में नई मोटर उपलब्ध करवा दी गई थी, लेकिन उसे चालू करने के लिए आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था नहीं होने से संचालन अटका हुआ था। इस संबंध में पंचायत प्रशासन को अवगत कराने के बाद सरपंच गीता देवी माली ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था करवाकर लंबे समय से बंद पड़ी बोरवेल की मोटर चालू करवाई गई। इसके बाद पानी की टंकी में जलापूर्ति पुनः शुरू हो गई और वार्डवासियों को राहत मिली।

पूर्व विधायक विवेक धाकड़ की अनुशंसा पर स्वीकृत हुआ था ट्यूबवेल

उल्लेखनीय है कि वार्ड नंबर 11 का यह ट्यूबवेल तत्कालीन सरपंच रामगोपाल मीणा के कार्यकाल में पूर्व विधायक विवेक धाकड़ की अनुशंसा पर जिला परिषद से स्वीकृत हुआ था। मोहल्लेवासियों की मांग पर टीम विवेक की ओर से इसकी अनुशंसा की गई थी। ट्यूबवेल की स्थापना के दौरान सीआर राजेंद्र कुमार रेगर भी मौके पर मौजूद थे।

उस समय काछोला में पेयजल सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस स्टैंड, रामदेव मंदिर के बाहर, सुवालाल गुर्जर के घर के बाहर तथा भील बस्ती में माताजी मंदिर जाने वाले रास्ते के निकट कुल चार ट्यूबवेल स्वीकृत करवाए गए थे। इसके अलावा रामनगर में एक हैंडपंप भी स्वीकृत करवाकर स्थापित कराया गया था।

वार्डवासियों ने जताया आभार

पेयजल समस्या का समाधान होने पर वार्डवासियों ने सरपंच गीता देवी माली एवं ग्राम पंचायत प्रशासन का आभार जताया। वहीं टीम अरविंद माली की ओर से भी त्वरित कार्रवाई के लिए सरपंच एवं पंचायत टीम का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। मोटर चालू होने से क्षेत्रवासियों को पेयजल संकट से राहत मिली है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!