BHILWARA

आमल्दा में कर्मचारियों ने किया सहकार शिविर का बहिष्कार, ज्ञापन सौंप सरकार से मांगा समाधान


शक्करगढ़
राजस्थान सहकारी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर रविवार को प्रदेशभर की ग्राम सेवा सहकारी समितियों के कर्मचारियों ने सहकार सदस्यता अभियान शिविर का बहिष्कार किया। इसी क्रम में आमल्दा ग्राम सेवा सहकारी समिति में आयोजित सदस्यता अभियान शिविर में कर्मचारियों ने भाग नहीं लिया और अपने विरोध स्वरूप कैंप प्रभारी अरविंद कुमार रघुवंशी को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन सौंपने वालों में शाखा जहाजपुर क्षेत्र की सभी ग्राम सेवा सहकारी समितियों के व्यवस्थापक व कर्मचारी शामिल रहे। कर्मचारियों ने एकजुट होकर नारों के माध्यम से सरकार से अपनी लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की।

कर्मचारियों ने रखी ये प्रमुख मांगें

संघर्ष समिति ने राज्य सरकार से सहकारिता विभाग के कर्मचारियों की वेतन विसंगतियों को दूर करने, कर्मचारियों के वेतन कैडर निर्धारण, स्थायीकरण, समय पर पदोन्नति देने एवं सेवा शर्तों में सुधार जैसी प्रमुख मांगों को लेकर पुरजोर आवाज उठाई।



कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से सरकार से केवल आश्वासन मिल रहा है लेकिन कोई ठोस कार्यवाही नहीं की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगामी दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

राज्यभर में विरोध का माहौल

संघर्ष समिति के प्रदेशव्यापी आह्वान पर रविवार को सहकारिता विभाग के हजारों कर्मचारियों ने सदस्यता अभियान शिविरों का बहिष्कार कर विरोध जताया। कई जिलों में कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन भी सौंपे।

कर्मचारियों ने कहा कि सहकारी समितियों में कार्यरत कर्मचारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन सरकार उनके साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। उन्होंने मांग की कि सहकारिता क्षेत्र के कर्मचारियों को भी अन्य विभागों की तरह समान सुविधाएं प्रदान की जाएं।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!