गंगापुर में आवारा सांड का फिर आतंक, बुजुर्ग महिला गंभीर घायल

BHILWARA
Spread the love


गंगापुर। कस्बे में निराश्रित आवारा सांडों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को बस स्टैंड क्षेत्र में पानी पिलाने का कार्य कर रही एक बुजुर्ग महिला पर आवारा सांड ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल गंगापुर चिकित्सालय पहुंचाया गया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि आवारा सांडों की समस्या को लेकर कई बार ज्ञापन दिए गए, सोशल मीडिया के माध्यम से आवाज उठाई गई, समाचार प्रकाशित हुए तथा पालिका प्रशासन को मौखिक रूप से भी अवगत कराया गया। इसके बावजूद अब तक निराश्रित सांडों को गौशाला में शिफ्ट करने या समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
लोगों का आरोप है कि अब तक कई बुजुर्ग, महिलाएं एवं अन्य नागरिक आवारा सांडों के हमलों में घायल हो चुके हैं। कई लोगों की हड्डियां टूट चुकी हैं, वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं तथा व्यापारियों को भी आए दिन नुकसान उठाना पड़ रहा है।
नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निराश्रित सांडों के सुरक्षित प्रबंधन एवं गौशालाओं में स्थानांतरण की तत्काल व्यवस्था की जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आमजन स्वयं सहयोग राशि एकत्रित कर इस समस्या के समाधान के लिए वैकल्पिक प्रयास करने पर विचार कर सकते हैं।
नगरवासियों ने सभी जागरूक नागरिकों से भी जनहित के मुद्दों पर निष्पक्ष रूप से आवाज उठाने और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करने का आह्वान किया।