BHILWARA

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर का एक दिवसीय भीलवाड़ा दौरा, विद्युत व्यवस्थाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


भीलवाड़ा-मूलचन्द पेसवानी
राज्य के ऊर्जा विभाग (स्वतंत्र प्रभार) के मंत्री हीरालाल नागर शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर भीलवाड़ा पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) के अधीक्षण अभियंता कार्यालय में जिलास्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जिले की विद्युत आपूर्ति, उपभोक्ताओं की समस्याएं, राजस्व वसूली, ट्रांसफॉर्मर की उपलब्धता और विद्युत चोरी जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में मंत्री नागर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में जहां फाल्ट और ट्रिपिंग की शिकायतें बार-बार सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में पूर्व तैयारी अनिवार्य है ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय पर निपटा जा सके।
ऊर्जा मंत्री ने उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित समाधान को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने हर स्तर पर प्रभावी रिस्पॉन्स तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे उपभोक्ताओं को तुरंत राहत मिल सके। ट्रांसफॉर्मर जलने, ओवरलोडिंग और बार-बार बिजली जाने की समस्याओं को समय रहते हल करने पर जोर दिया गया।
बैठक में कृषि कनेक्शन की प्रगति, आरडीएसएस योजना की भौतिक व वित्तीय प्रगति, बजट घोषणाओं के तहत चल रहे कार्यों की स्थिति, और विद्युत लाइन की नियमित मेंटेनेंस पर भी मंत्री ने विशेष ध्यान दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी योजनाएं तय समय और गुणवत्ता के साथ पूर्ण हों।
विद्युत चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए नागर ने विभाग को सतर्कता टीमों को सक्रिय करने और जनसहयोग के माध्यम से अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत राजस्व की वसूली में पारदर्शिता और समयबद्धता बेहद जरूरी है।
अपने दौरे के दौरान ऊर्जा मंत्री ने बीएमएस कार्यालय का उद्घाटन किया और सम्मान समारोह में शिरकत करते हुए आमजन की समस्याएं भी सुनीं। मौके पर ही कई मामलों का त्वरित निस्तारण भी किया गया।
समीक्षा बैठक में सांसद दामोदर अग्रवाल, शहर विधायक अशोक कोठारी, मांडल विधायक उदयलाल भडाणा, जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा, सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा सहित राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नथमल डिडेल, एवीवीएनएल के प्रबंध निदेशक केपी वर्मा, तकनीकी निदेशक एमसी बाल्दी, महापौर राकेश पाठक, विशिष्ट सहायक मंत्री कालूराम मीणा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश मेहरा, अधीक्षण अभियंता वीरेंद्र संचेती सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में सभी अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और सामने आ रही समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। मंत्री नागर ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की मंशा है कि हर नागरिक को निर्बाध और गुणवत्ता वाली बिजली मिले। इसके लिए सभी अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभानी होगी। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग केवल आपूर्ति का माध्यम नहीं है, बल्कि यह सेवा से जुड़ा विभाग है, जिससे आमजन की अपेक्षाएं और विश्वास जुड़े होते हैं। अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों से अपील की कि वे विभागीय तंत्र को अधिक पारदर्शी, कुशल और उपभोक्ता केंद्रित बनाने की दिशा में सकारात्मक दृष्टिकोण से कार्य करें।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!