BHILWARA

पीएम श्री मॉडल स्कूल ट्विनिंग : शिक्षा नवाचार की नई शुरुआत, कादेड़ा दल ने शाहपुरा में किया विस्तृत शैक्षणिक अवलोकन


अनुभव से उत्कृष्टता की ओर  ट्विनिंग ऑफ स्कूल गतिविधि में कादेड़ा शाहपुरा विद्यालयों का प्रेरक संगम


शाहपुरा@(किशन वैष्णव)पीएम श्री विद्यालय योजना के अंतर्गत संचालित ट्विनिंग ऑफ स्कूल गतिविधि के तहत पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय कादेड़ा के शैक्षणिक अवलोकन दल ने स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, शाहपुरा का विस्तृत भ्रमण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं नवाचारात्मक कार्यप्रणालियों का गहन अध्ययन किया। कार्यक्रम ने शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग, अनुभव-विनिमय और गुणवत्ता संवर्धन की दिशा में एक सशक्त पहल को दर्शाया।



मीडिया प्रभारी डॉ. परमेश्वर प्रसाद कुमावत ने बताया कि अवलोकन दल में व्याख्याता अशोक कीर, महावीर प्रसाद कुमावत, सरिता मीना, कीर्ति नागर सहित चयनित छात्राएं सम्मिलित रहीं। दल ने स्मार्ट कक्षाओं, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, सुव्यवस्थित पुस्तकालय, खेल मैदान, आईसीटी संसाधनों तथा विद्यालय के विविध शैक्षणिक व सहशैक्षणिक नवाचारों का बारीकी से अवलोकन किया। शिक्षण व्यवस्था की प्रभावशीलता तथा सीखने को रोचक बनाने के लिए अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों ने अवलोकन दल को विशेष रूप से प्रभावित किया।

मॉडल स्कूल शाहपुरा के प्रधानाचार्य ईश्वर लाल मीणा ने दल का स्वागत करते हुए विद्यालय की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों, विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों तथा नवाचार आधारित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की। दोनों विद्यालयों के शिक्षकों के मध्य अनुभव-विनिमय हुआ, जिसमें शिक्षण की गुणवत्ता सुधार, सहभागितापूर्ण अधिगम, नवाचारों के विस्तार तथा भविष्य में संयुक्त गतिविधियों के आयोजन पर सहमति बनी।

अवलोकन के दौरान छात्राओं ने प्रश्नोत्तर सत्र में सक्रिय सहभागिता निभाई और शिक्षण प्रयोगों, स्मार्ट बोर्ड आधारित अध्यापन, प्रोजेक्ट वर्क तथा सहशैक्षणिक गतिविधियों की उपयोगिता को समझा। विशेष आकर्षण का केंद्र रही विद्यालय की अटल टिंकिरिंग लैब, जहां चल रहे तकनीकी एवं रचनात्मक नवाचारों को छात्राओं ने बेहद उत्साह के साथ देखा और प्रयोगात्मक गतिविधियों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।

कार्यक्रम को खेल भावना से जोड़ते हुए पीएम श्री एवं मॉडल विद्यालय की छात्राओं के मध्य मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मुकाबला भी खेला गया, जिसने परस्पर सौहार्द, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का संदेश दिया।

पूरे कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालयों के मध्य शैक्षणिक समन्वय को सुदृढ़ कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में ठोस कदम उठाना रहा। अवलोकन दल ने मॉडल स्कूल शाहपुरा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे शिक्षण–अधिगम की गुणवत्ता सुधारने वाली एक अत्यंत प्रभावी और प्रेरक पहल बताया, जो आने वाले समय में छात्रों और शिक्षकों दोनों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलने वाली सिद्ध होगी।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!