BHILWARA

अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर संस्कार भारती स्कूल में विधिक जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं को मिला मार्गदर्शन


बिजौलिया। अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर संस्कार भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल, में एक प्रेरणादायक एवं जागरूकता से भरपूर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिविल न्यायिक मजिस्ट्रेट सबा परवीन कागज़ी ने सहभागिता करते हुए छात्र-छात्राओं को कन्या भ्रूण हत्या एवं बाल विवाह से संबंधित कानूनों की विस्तृत और सरल जानकारी दी।



अपने उद्बोधन में न्यायिक मजिस्ट्रेट ने कहा कि एक सभ्य, शिक्षित और सशक्त समाज के निर्माण के लिए केवल किताबी शिक्षा ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि नागरिकों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों से जुड़ी कानूनी जानकारी होना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश की न्याय व्यवस्था हर नागरिक को समता, समानता और समरसता का अधिकार देती है, लेकिन इसका वास्तविक लाभ तभी संभव है जब समाज कानून के प्रति जागरूक और संवेदनशील बने।



कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और सकारात्मक वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम से पूर्व विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रवेश द्वार पर बनाई गई आकर्षक रंगोली ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। यह रंगोली न केवल बालिका सशक्तिकरण का संदेश दे रही थी, बल्कि छात्राओं की रचनात्मकता का भी सुंदर उदाहरण थी।

विद्यालय निदेशक आदर्श सोनी ने न्यायिक मजिस्ट्रेट सबा परवीन कागज़ी का शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया। साथ ही उनके साथ पधारे अधिवक्ता सुनील बाकलीवाल, हर्षवर्धन, प्रकाश अहीर, पी.एल.वी. राम बाबू माथुर एवं अंजली नायक का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर निदेशक सोनी ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ दिव्य जीवन संस्थान द्वारा किए जा रहे सेवा एवं सामाजिक कार्यों की भी जानकारी साझा की।



कार्यक्रम की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि न्यायिक मजिस्ट्रेट ने विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्राओं से अलग से संवाद किया और उन्हें आरएएस, आरजेएस सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी देते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!