विशेष अभियान में अंतरराज्यीय स्तर की 10 टीमें गठित, कई इनामी आरोपी भी पकड़े
भीलवाड़ा। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान विभिन्न जिलों व राज्यों में फरार चल रहे 28 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में कई इनामी अपराधी भी शामिल हैं।


जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर लंबे समय से फरार चल रहे मादक पदार्थ तस्करों की गिरफ्तारी के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन के नेतृत्व में तथा पुलिस निरीक्षक राजुराम काला के पर्यवेक्षण में किया गया। इसके तहत अंतरराज्यीय और राज्य स्तर पर 10 विशेष टीमों का गठन किया गया।

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार मादक पदार्थों की वाणिज्यिक मात्रा में तस्करी करने वाले तथा विभिन्न प्रकरणों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 18 फरवरी से अभियान शुरू किया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने गोपनीय मानवीय आसूचना और तकनीकी सहयोग के आधार पर राजस्थान के विभिन्न जिलों सहित अन्य राज्यों में दबिश देकर कुल 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में एक आरोपी पर 15 हजार रुपए, 9 आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए तथा 14 आरोपियों पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित प्रकरणों में कार्रवाई की जा रही है।
