*सीएमएचओ की अध्यक्षता में स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित*
*फील्ड विजिट व चिकित्सा संस्थानों की व्यवस्थाओं में सुधार के दिए सख्त निर्देश*
*अस्पतालों में हीटवेव को लेकर विशेष तैयारियों के निर्देश, लंबित तैयारियों, ऑनलाइन रिपोर्टिंग व योजनाओं की प्रगति पर हुई विस्तृत चर्चा*
*पुनित चपलोत*
भीलवाड़ा // मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को सीएमएचओ कक्ष में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलेभर के चिकित्सा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।

सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट करने, अस्पतालों की व्यवस्थाओं में सुधार लाने तथा साफ-सफाई और अस्पतालों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बजट के अनुसार सभी तैयारियां समयबद्ध पूरी की जाएं और ऑनलाइन रिपोर्टिंग प्रणाली को मजबूत बनाते हुए डेटा आधारित कार्यवाही समय पर पूर्ण की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित चिकित्सकों को उच्च स्तर की कार्रवाई के लिए तैयार रहना होगा।
बैठक में सीएमएचओ ने मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना एवं आयुष्मान भारत योजना के तहत अधिकाधिक पात्र लोगों को लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत आयुष्मान कार्ड, ई-केवाईसी तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के वय वंदन योजना में शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डिप्टी सीएमएचओ डॉ. प्रवीण झरवाल ने इस वर्ष हीटवेव का प्रकोप अधिक रहने की संभावना के चलते हीटवेव को देखते हुए चिकित्सा संस्थानों में व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अस्पतालों में स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, एम्बुलेंस में आवश्यक व्यवस्थाएं, प्रत्येक रविवार ड्राई डे मनाने तथा बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को जागरूक करने पर विशेष बल दिया। साथ ही अस्पतालों में बेड आरक्षित रखने और एनसीडी कार्यक्रम में लक्ष्य बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सीएमएचओ ने एनक्यूएएस/कायाकल्प, आयुष्मान भारत योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना, ओडीके ऐप, आईएचएमएस एवं सीएचओ पोर्टल सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा कर प्रगति बढाने के निर्देश चिकित्सा अधिकारियों को दिये।
सीएमएचओ ने कहा कि सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ही आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दिलाने का माध्यम है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं और नियमित मॉनिटरिंग के साथ लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करें।
बैठक में डिप्टी सीएमएचओ डॉ. प्रवीण झरवाल, डीडीडब्ल्यूएच डॉ. अशोक खटवानी सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर के चिकित्सा अधिकारी, बीसीएमओ, बीपीओ और सीएमएचओ कार्यालय के विभिन्न अनुभाग अधिकारी उपस्थित रहे।
