BHILWARA

कोठाज बाजार में नशे में धुत ट्रक चालक ने तोड़ा बिजली का पोल, बड़ा हादसा टला



पारोली (विनोद शर्मा)। कस्बे के कोठाज गांव के बीच बाजार में शुक्रवार को लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया। नशे में धुत एक ट्रक चालक ने संकरे रास्ते से ट्रक निकालने की कोशिश में बिजली के पोल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पोल गिर गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाजार का रास्ता संकरा होने के कारण चालक को ट्रक निकालने से मना किया गया था, लेकिन उसने चेतावनी को नजरअंदाज कर आगे बढ़ना जारी रखा। इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराया।

गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के समय पोल के पास ही हनुमान सुथार अपने घर के बाहर सफाई कर रहे थे, जो बाल-बाल बच गए। यदि थोड़ी सी भी चूक हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही पारोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नशे में वाहन चलाने वालों और लापरवाह चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

इस दौरान ताराचंद नाथ, अशोक काबरा, भागचंद गुर्जर, पपला गुर्जर, बबलू और महेंद्र बैरवा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!