BHILWARA

अवैध खनन पर पुलिस का शिकंजा:मंगरोप में 5 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त,लापरवाही पर स्थानीय पुलिस भी होगी जिम्मेदार




मंगरोप। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के सख्त निर्देशों के बाद अवैध खनन के खिलाफ जिलेभर में कार्रवाई तेज होती नजर आ रही है।इसी कड़ी में मंगरोप थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी खनन में लिप्त 5 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है।इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
थाना प्रभारी विजय मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगातार निगरानी रखते हुए यह कार्रवाई की।पुलिस को सूचना मिल रही थी कि इलाके में अवैध बजरी दोहन लगातार जारी है,जिसके बाद टीम ने मौके पर दबिश देकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा।सभी वाहनों को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में किसी भी सूरत में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध खनन पाया जाता है तो संबंधित थाना क्षेत्र की स्थानीय पुलिस की जिम्मेदारी तय की जाएगी और उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
इस सख्ती के बाद पुलिस प्रशासन ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने और नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।साथ ही खनन माफियाओं पर नजर रखने के लिए विशेष टीमों का गठन भी किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में अवैध बजरी खनन जारी था।जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा था।पुलिस की इस कार्रवाई से आमजन में भरोसा बढ़ा है और उम्मीद जताई जा रही है कि आगे भी इसी तरह सख्त कदम उठाए जाएंगे।
फिलहाल संकेत साफ हैं कि प्रशासन अब अवैध खनन के खिलाफ पूरी तरह एक्शन मोड में आ चुका है और आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई देखने को मिल सकती है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!