BHILWARA

*अभिषेक सेन हत्याकांड: सर्व समाज का जिला कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन,दोषियों को फांसी और CBI जांच की मांग*



*ब्यूरो चीफ पुनित चपलोत*
भीलवाड़ा //  जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर शनिवार को समस्त सेन समाज और सर्व समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे। प्रदर्शन के बाद उन्होंने राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर को 9 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। इसमें शाहपुरा निवासी अभिषेक सेन की जयपुर में हुई हत्या के मामले में निष्पक्ष जांच, दोषियों को फांसी की सजा दिलाने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की गई।


सेन समाज के प्रतिनिधि राजेश सेन ने बताया कि भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा निवासी युवक अभिषेक सेन, जो जयपुर में सैलून व्यवसायी थे, उनकी असामाजिक तत्वों द्वारा सुनियोजित तरीके से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को फांसी पर लटका दिया, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में स्थानीय पुलिस (झोटवाड़ा थाना, जयपुर) में सूचना दी गई, लेकिन आज दिनांक तक पुलिस विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई और न ही रिपोर्ट दर्ज की गई। इस घटना से समस्त सेन समाज और सर्व समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि इस हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए इसकी निष्पक्ष जांच सीबीआई या उच्च स्तरीय एसआईटी से करवाई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। साथ ही दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए और उन्हें फांसी की सजा सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा उन्होंने पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करने, मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने, बच्चों की शिक्षा और भविष्य की जिम्मेदारी सरकार द्वारा उठाने की भी मांग की। साथ ही मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई करने और सैलून व स्पा में कार्यरत कर्मचारियों का पंजीकरण अनिवार्य करने की मांग भी रखी गई।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 7 दिनों के भीतर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो सर्व हिंदू समाज द्वारा अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा और उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!