शक्करगढ़।
कस्बे के मंत्री मोहल्ला और तेली मोहल्ला क्षेत्र के रहवासियों को पिछले करीब दो वर्षों से चम्बल पेयजल योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। भीषण गर्मी के दौर में पानी की समस्या ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायतों के बावजूद जलदाय विभाग के अधिकारी समस्या समाधान की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
वार्ड पंच सतीश मंत्री ने बताया कि मोहल्ले में चम्बल का पानी नियमित रूप से नहीं आने के कारण लोगों को निजी टैंकरों और हैंडपंपों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। कई परिवारों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ता है, जिससे महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर जलदाय विभाग के अधिकारियों को कई बार मौखिक और लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। वार्ड पंच ने आरोप लगाया कि विभागीय उदासीनता के कारण आमजन परेशान हो रहे हैं, जबकि सरकार द्वारा हर घर तक पेयजल पहुंचाने के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ जल संकट और गहरा गया है। कई बार नलों में दिनों तक पानी नहीं आता, और जब सप्लाई होती भी है तो बहुत कम प्रेशर से पानी पहुंचता है। इससे दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों और मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मंत्री और तेली मोहल्ले की पेयजल समस्या का शीघ्र समाधान करवाया जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
