BHILWARA

शाहपुरा में छलकेगा रोमांच का जोश! जिला स्तरीय सीनियर तैराकी प्रतियोगिता 24 मई को, तरणताल में उतरेंगे 37 तैराक



शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
नगर पालिका तरणताल शाहपुरा में 24 मई को पानी में रोमांच, रफ्तार और हुनर का जबरदस्त संगम देखने को मिलेगा। जिला तैराकी संघ के तत्वावधान में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय सीनियर तैराकी प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह नजर आ रहा है। प्रतियोगिता रविवार सुबह 7 बजे से शुरू होगी, जहां जिलेभर के तैराक अपनी प्रतिभा का जलवा दिखाएंगे।

आयोजन सचिव राकेश वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए अब तक 37 प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं, जिनमें 26 पुरुष और 11 महिला तैराक शामिल हैं। प्रतियोगिता में जिले के प्रतिभावान खिलाड़ी अपनी स्पीड, स्टैमिना और तकनीक का प्रदर्शन करेंगे। तरणताल परिसर में पूरे दिन खेल रोमांच का माहौल बना रहेगा।

इस प्रतियोगिता का महत्व इसलिए भी बढ़ गया है क्योंकि इसी दिन भीलवाड़ा जिले की टीम का चयन भी किया जाएगा, जो आगामी राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में भाग लेगी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 1 से 3 जून तक जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित होगी।

प्रतियोगिता में राजस्थान तैराकी संघ के अध्यक्ष एवं भारतीय तैराकी संघ के उपाध्यक्ष अनिल व्यास सहित भीलवाड़ा जिला तैराकी संघ शाहपुरा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष कार्तिकेय व्यास भी मौजूद रहेंगे। उनके आगमन को लेकर खिलाड़ियों में खास उत्साह देखा जा रहा है।

शाहपुरा का तरणताल अब खेल प्रतिभाओं की नई उड़ान का गवाह बनने जा रहा है, जहां पानी में उतरते ही युवा तैराक जीत की लहरें पैदा करते नजर आएंगे।

Related Articles

Back to top button