बिजोलिया में एनएच-27 पर पुलिस की सख्त घेराबंदी, तस्कर कार छोड़ भागे, 310 किलो अफीम डोडा चूरा जब्त

BHILWARA
Spread the love



बिजौलिया। जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी किआ सेल्टोस कार से 310.840 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 47 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस की घेराबंदी देख तस्कर वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए।

थानप्रभारी स्वागत पांड्या ने बताया की पुलिस को सूचना मिली थी कि चित्तौड़गढ़ पुलिस द्वारा बेगूं क्षेत्र से आ रही एक संदिग्ध कार का पीछा किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना क्षेत्र में नाकाबंदी कर विभिन्न स्थानों पर घेराबंदी की गई। इसी दौरान आरोली गांव के समीप नेशनल हाईवे-27 से नीचे उतरी हुई सफेद रंग की किआ सेल्टोस कार संदिग्ध अवस्था में मिली।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कार में सवार तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग चुके थे। कार की तलाशी लेने पर पुलिस को पीछे की सीट के नीचे कट्टों में भरा भारी मात्रा में अवैध अफीम डोडा चूरा मिला। नियमानुसार जांच में कुल 19 कट्टों से 310.840 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ।

पुलिस ने मादक पदार्थ एवं कार को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फरार तस्करों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।

कार्रवाई में थानाधिकारी स्वागत पाण्डया, उप निरीक्षक लक्ष्मण सिंह, हेड कांस्टेबल राजू, कांस्टेबल विश्राम एवं कांस्टेबल अनिल कुमार शामिल रहे।