BHILWARA

मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, आभूषण बरामद



भीलवाड़ा । पारोली थाना पुलिस ने मंदिर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किए गए आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी मंदिरों की रेकी कर भगवान के आभूषण चोरी करने की वारदातों को अंजाम देता था।

थानाधिकारी सियाराम ने बताया की बिशनियां निवासी बालमुकुंद ब्राह्मण ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 अप्रैल 2026 को सुबह 7 से 9 बजे के बीच अज्ञात चोर मंदिर में भगवान के शिखर पर लगा करीब 200 ग्राम वजनी चांदी का मुकुट चोरी कर ले गया। घटना से गांव में आक्रोश व्याप्त था। रिपोर्ट पर पारोली थाने में मामला दर्ज कर जांच एएसआई मुंशी खां को सौंपी गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास लगे करीब 50 से 60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। आरोपी द्वारा वारदात के बाद उपयोग किए गए रास्तों के कैमरों की जांच कर बीटीएस और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर चेनपुरा निवासी त्रिलोक पुत्र चांदमल पाराशर (42) को डिटेन किया गया। पूछताछ में आरोपी ने मंदिर से मुकुट चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किया गया आभूषण बरामद कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले मंदिरों की रेकी करता था और फिर मौका पाकर भगवान के आभूषण चोरी कर फरार हो जाता था। आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी एवं अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं और कई प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन हैं।

कार्रवाई में एएसआई मुंशी खां, कांस्टेबल शैतान सिंह, रामावतार एवं रणजीत की विशेष भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!