BHILWARA

भीषण गर्मी में भी विकास कार्यों की मॉनिटरिंग में जुटे विधायक कोठारी



दो दिनों तक न्यास की विभिन्न परियोजनाओं का किया निरीक्षण

अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

मानसरोवर, जोधड़ास आरओबी सहित शहर की प्रमुख परियोजनाओं को समय पर पूर्ण करने पर दिया जोर

भीलवाड़ा, 27 मई।
भीषण गर्मी, नौतपा और 44 डिग्री तापमान के बावजूद भीलवाड़ा शहर विधायक अशोक कोठारी लगातार शहर के विकास कार्यों की मॉनिटरिंग में सक्रिय नजर आ रहे हैं। जनहित से जुड़े कार्यों को गति देने के उद्देश्य से विधायक कोठारी ने लगातार दो दिनों तक नगर विकास न्यास की विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में बुधवार को विधायक कोठारी ने अपनी टीम एवं नगर विकास न्यास अधिकारियों के साथ भीलवाड़ा-अजमेर मार्ग स्थित निर्माणाधीन जोधड़ास रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) का निरीक्षण कर कार्य प्रगति का जायजा लिया। इसके साथ ही जोधड़ास हाई लेवल ब्रिज जो गत सरकार के समय अधूूरा बना हुआ था, उसके लिए भी भूमि अधिग्रहण करने के साथ ही समपर्क सड़कों पर डामरीकरण के निर्देश दिये ताकि पालड़ी और गोविन्दपुरा के निवासियों को आवागमन में सुविधा उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जोधड़ास ओवरब्रिज के महत्वपूर्ण 90 मीटर लंबे स्ट्रक्चर के निर्माण हेतु डिजाइन एवं नक्शा रेलवे विभाग को स्वीकृति के लिए भेजा गया है तथा आगामी 15 दिनों में स्वीकृति मिलने की संभावना है। इसके बाद निर्माण कार्य और अधिक गति से आगे बढ़ सकेगा।
विधायक कोठारी ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि वर्ष 2018 से लंबित इस महत्वपूर्ण परियोजना को अब और विलंबित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि आरओबी का निर्माण इसी वर्ष के सितम्बर माह के अंत तक पूर्ण कर आमजन को राहत प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि विधायक बनने के बाद उन्होंने इस परियोजना को प्राथमिकता में लेते हुए राज्य सरकार एवं विधानसभा में मजबूती से मामला उठाया, जिसके बाद परियोजना को गति मिली।
कोठारी ने कहा कि राज्य के नगरीय विकास मंत्री द्वारा भी मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए थे, जिसके सकारात्मक परिणाम अब दिखाई दे रहे हैं। नौतपा की भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच विधायक कोठारी ने मानसरोवर झील, नगर वन, सांगानेर पुलिया, रोडवेज से कोठारी नदी तक निर्माणाधीन नाला, केशव पोरवाल हॉस्पिटल के पीछे निर्माणाधीन पुलिया तथा अन्य विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। सांगानेर से भीलवाड़ा शहर को जोड़ने वाली कोठारी नदी पर बनी पुलिया को भी सितम्बर माह तक पूर्ण कर आवागमन शुरु करने के निर्देश दिये, इसके दोनों ओर सम्पर्क सड़कों को भी पूर्ण करने के निर्देश दिये।
विधायक कोठारी  मंगलवार को सर्वप्रथम मानसरोवर झील पहुंचे, जहां मार्च माह से चल रहे जलकुंभी हटाने के कार्य की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों एवं ठेकेदार को आगामी एक माह में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के प्रथम बजट में मानसरोवर झील के सौंदर्यीकरण हेतु 20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके पश्चात उन्होंने नगर वन क्षेत्र का निरीक्षण किया, जहां लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य प्रगति पर हैं। विधायक ने अधिकारियों को वर्षा ऋतु से पूर्व अधिकाधिक पौधारोपण करने तथा पौधों के संरक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में शहरवासियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण मिल सके।
निरीक्षण के दौरान विधायक कोठारी किशनावतों की खेड़ी स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पहुंचे, जहां 57 लाख रुपये की लागत से चल रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन कर सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने नेहरू विहार स्थित मुख्यमंत्री जन आवास योजना के अंतर्गत निर्मित 2 बीएचके के 368 तथा 1 बीएचके के 448 आवासों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवास उच्च गुणवत्ता एवं आवश्यक सुविधाओं से युक्त बनाए जाएं, ताकि आमजन को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध हो सके।
अंत में विधायक कोठारी ने केशव पोरवाल क्षेत्र में निर्माणाधीन पुलिया का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिया का कार्य शीघ्र पूर्ण कर आमजन के लिए शुरू करने के निर्देश दिए। यह पुलिया पालड़ी ग्राम को मुख्य शहर से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। निरीक्षण के दौरान पुलिया के ऊपर से गुजर रही 15 किलोवाट हाईटेंशन लाइन को हटाने के लिए मौके पर ही अजमेर विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों को बुलाकर शीघ्र शिफ्टिंग के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारी एडवोकेट अर्पित कोठारी, देवीलाल गुर्जर, सत्य नारायण गूगड़, गजेंद्र सिंह राठौड़, दिनेश सुथार, राहुल नायक, बादल सिंह राठौड़, दीपक सिंह, रणजीत सिंह, नगर विकास न्यास के अतिरिक्त मुख्य अभियंता संजय माथुर, अधीक्षण अभियंता ऋषिकेश मीणा, अधिशासी अभियंता राजू बढारिया, रामप्रसाद जाट, सहायक अभियंता रोहित चौबीसा, रोहन अजमेरा सहित अन्य अधिकारी, ठेकेदार एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!