फर्जी पत्रकारिता पर सख्त रुख, सुखपाल जाट फिर बने प्रेस क्लब अध्यक्ष

BHILWARA
Spread the love



पत्रकार हितों, प्रेस क्लब भवन और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर बनी रणनीति, कलेक्टर व मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा मांग-पत्र

भीलवाड़ा। मूलचन्द पेसवानी
प्रेस क्लब भीलवाड़ा की वार्षिक साधारण सभा एवं अधिवेशन महेश वाटिका में प्रेस क्लब अध्यक्ष सुखपाल जाट की अध्यक्षता तथा भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता की वर्तमान चुनौतियों, पत्रकारों के अधिकारों, प्रेस क्लब भवन के लिए भूखंड आवंटन, पत्रकार सुरक्षा तथा फर्जी एवं पीत पत्रकारिता पर गंभीर चर्चा हुई।

सभा में सर्वसम्मति से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि प्रेस क्लब केवल वास्तविक, जिम्मेदार और नैतिक पत्रकारिता का संरक्षण करेगा तथा पत्रकारिता की आड़ में अवैध गतिविधियों, वसूली अथवा पीत पत्रकारिता करने वालों को किसी प्रकार का संरक्षण नहीं दिया जाएगा। सभा में उपस्थित सभी लगभग 100 सदस्यों ने हाथ उठाकर सुखपाल जाट को पुनः सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने जाने का समर्थन किया। जिसकी मंच से बाद में घोषणा की तो सदस्यों ने सुखपाल जाट का स्वागत किया।


कार्यक्रम में पूर्व सभापति मधु जाजू, वरिष्ठ पत्रकार हनुमान अग्रवाल, कैलाश त्रिवेदी, मनीष शर्मा सहित जिले भर से बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। प्रेस क्लब महासचिव राजेश मेठानी ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत किया।
सभा के प्रथम चरण में वरिष्ठ पत्रकार मूलचंद पेसवानी के संयोजन में खुला सत्र आयोजित किया गया, जिसमें शहर और ग्रामीण क्षेत्र के पत्रकारों ने पत्रकारिता की वर्तमान दशा एवं दिशा पर खुलकर विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी है और इसकी विश्वसनीयता बनाए रखना हर पत्रकार का नैतिक दायित्व है।


वरिष्ठ पत्रकार निलेश काठेड़ ने कहा कि आज पत्रकारिता अनेक चुनौतियों के दौर से गुजर रही है। तकनीकी बदलाव, सोशल मीडिया की प्रतिस्पर्धा और बढ़ती अपुष्ट सूचनाओं के बीच पत्रकारों को तथ्यों और सत्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखनी होगी। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में आ रही गिरावट को रोकने की जिम्मेदारी भी पत्रकारों की ही है।
वरिष्ठ पत्रकार अंकुर बोरदिया ने कहा कि पत्रकारों की सबसे बड़ी पूंजी उनकी विश्वसनीयता है। यदि पत्रकार अपनी पहचान निष्पक्षता और सत्यनिष्ठा से बनाएंगे तो अधिकांश समस्याओं का समाधान स्वतः संभव हो जाएगा। उन्होंने प्रशासन और प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में जिले के सक्रिय पत्रकारों का सत्यापन एवं वर्गीकरण कर अधिकृत सूची तैयार करने का सुझाव भी दिया।
गुलाबपुरा के वरिष्ठ पत्रकार रामेश्वरलाल सोनी ने कहा कि पत्रकारिता का आधार जमीनी रिपोर्टिंग होनी चाहिए। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आजकल बिना तथ्य जुटाए एक-दूसरे की खबरों की नकल करने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जिससे पत्रकारिता की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रेस क्लब के संवाद और चिंतन कार्यक्रम वर्ष में कम से कम दो बार आयोजित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल सोशल मीडिया या प्रेस विज्ञप्तियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि जमीनी स्तर पर जाकर समाचारों का संकलन करना ही वास्तविक पत्रकारिता है। पत्रकार यदि निष्पक्षता, सत्यता और जनहित को केंद्र में रखकर कार्य करेंगे तो समाज में उनकी साख और सम्मान स्वतः बढ़ेगा।
वरिष्ठ पत्रकार सोमदत्त त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकार को प्रत्येक समाचार में दोनों पक्षों की बात शामिल करनी चाहिए। तथ्यपरक और संतुलित रिपोर्टिंग न केवल समाज में विश्वास पैदा करती है बल्कि सामाजिक समरसता को भी मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि फील्ड रिपोर्टिंग और तथ्यों पर आधारित पत्रकारिता ही पत्रकार की असली पहचान है।
वरिष्ठ पत्रकार मनीष शर्मा ने जिले में पत्रकारिता के नाम पर हो रही अवैध वसूली, फर्जी पत्रकार संगठनों की गतिविधियों और मीडिया के नाम पर ठगी करने वाले तत्वों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग पूरी पत्रकार बिरादरी की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे लोगों की पहचान कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
रतनलाल प्रजापति ने कहा कि जब पत्रकार अपने आचरण और कार्यशैली में मर्यादा बनाए रखते हैं तो समाज उन्हें सम्मान की दृष्टि से देखता है। वहीं युवा पत्रकार कपिल विजय ने पत्रकारों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा और आपसी मतभेदों पर चिंता जताते हुए कहा कि व्यक्तिगत स्वार्थों से ऊपर उठकर संगठनात्मक एकता को मजबूत करना समय की मांग है। उन्होंने ऐसे मामलों के समाधान के लिए एक अनुशासन एवं समन्वय समिति गठित करने का सुझाव दिया।
वरिष्ठ पत्रकार मूलचंद पेसवानी ने जिले की वर्तमान पत्रकारिता की दशा एवं दिशा पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकार की सबसे बड़ी पूंजी उसकी विश्वसनीयता होती है और इसे बनाए रखने की जिम्मेदारी स्वयं पत्रकार की है। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में पत्रकारों को अपने सूचना स्रोतों को मजबूत बनाना होगा, तभी शासन-प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाज से जुड़ी महत्वपूर्ण एवं तथ्यपरक खबरें जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सकेंगी।
पेसवानी ने ग्रामीण क्षेत्रों में पत्रकार संगठन को मजबूत करने की दिशा में हुए प्रयासों का उल्लेख करते हुए बताया कि ब्लॉक मुख्यालय स्तर पर प्रेस क्लब भवनों के निर्माण एवं संचालन की अवधारणा को आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में अब तक उल्लेखनीय प्रगति हुई है तथा शाहपुरा, गुलाबपुरा और आसींद में प्रेस क्लबों का संचालन सुचारु रूप से किया जा रहा है। इन मंचों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के पत्रकारों को संगठनात्मक मजबूती, प्रशिक्षण, संवाद और पत्रकार हितों के मुद्दों पर एकजुट होने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जिले के अन्य ब्लॉक मुख्यालयों पर भी प्रेस क्लबों को सशक्त बनाने के प्रयास जारी रहेंगे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से आह्वान किया कि वे आपसी सहयोग, संगठनात्मक एकता और पत्रकारिता के मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
विशिष्ट अतिथि मधु जाजू ने पत्रकारों को लोकतंत्र का सशक्त प्रहरी बताते हुए कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के पत्रकारों द्वारा उठाई गई समस्याएं पूरी तरह न्यायोचित हैं। उन्होंने कहा कि संगठित प्रयासों से ही पत्रकार हितों की लड़ाई प्रभावी ढंग से लड़ी जा सकती है। उन्होंने प्रेस क्लब भवन के लिए भूखंड आवंटन की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराने की आवश्यकता जताई।
पूर्व अध्यक्ष हनुमान अग्रवाल ने कहा कि प्रेस क्लब भीलवाड़ा लगभग साढ़े तीन दशक से पत्रकारों के हितों के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने वर्तमान नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में प्रेस क्लब की गतिविधियों का विस्तार हुआ है और जिले भर के पत्रकारों को एक मंच पर लाने का प्रयास सफल रहा है।
अध्यक्ष सुखपाल जाट ने अपने संबोधन में कहा कि प्रेस क्लब सदैव पत्रकारिता की शुचिता, निष्पक्षता और पेशेवर मूल्यों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रेस क्लब किसी भी प्रकार की फर्जी, पीत अथवा ब्लैकमेलिंग पत्रकारिता का समर्थन नहीं करेगा। पत्रकारिता के नाम पर गलत कार्य करने वाले व्यक्तियों को संरक्षण देना प्रेस क्लब की नीति नहीं है और भविष्य में भी नहीं होगा।
उन्होंने बताया कि प्रेस क्लब भवन के लिए भूखंड आवंटन का मामला राज्य सरकार के स्तर पर विचाराधीन है और इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा से इस दिशा में सहयोग का आग्रह किया।
मुख्य अतिथि प्रशांत मेवाड़ा ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि वास्तविक और समर्पित पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए सरकार संवेदनशील है। मीडिया के नाम पर ठगी और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर कार्रवाई की आवश्यकता बताते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों को समाज के सामने उजागर किया जाना चाहिए।
प्रेस क्लब भवन हेतु भूखंड आवंटन के विषय में उन्होंने सकारात्मक सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि एक प्रतिनिधिमंडल गठित कर राज्य सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से पक्ष रखा जाए। इस कार्य में वे स्वयं हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।
सभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने हाथ उठाकर सुखपाल जाट को पुनः सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने जाने का समर्थन किया। इस अवसर पर प्रशांत मेवाड़ा ने उनका अभिनंदन किया। जाट ने कहा कि शीघ्र ही सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
बैठक के अंत में पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों पर चर्चा कर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। निर्णय लिया गया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के पत्रकारों की समस्याओं तथा पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर एक विस्तृत मांग-पत्र जिला कलेक्टर एवं मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा। इसमें प्रेस क्लब भवन हेतु भूखंड आवंटन, पत्रकारों को आवासीय भूखंड, टोल मुक्ति, शासकीय सूचनाओं की समयबद्ध उपलब्धता, सरकारी मान्यता एवं परिचय-पत्र व्यवस्था, जिला स्तरीय मीडिया समन्वय समिति का गठन, पत्रकार सुरक्षा तथा कल्याणकारी योजनाओं के विस्तार सहित विभिन्न मांगों को शामिल किया जाएगा।
सभा का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि भीलवाड़ा की पत्रकारिता को निष्पक्ष, जिम्मेदार, तथ्यपरक और जनहितैषी बनाने के लिए प्रेस क्लब भविष्य में भी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।

सांसद दामोदर अग्रवाल ने सुखपाल जाट को दी बधाई
भीलवाड़ा लोकसभा क्षेत्र के सांसद दामोदर अग्रवाल ने सुखपाल जाट को पुनः प्रेस क्लब अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई देते हुए दुपट्टा ओढ़ाकर उनका सम्मान किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की आंख और कान हैं तथा समाज और सरकार के बीच संवाद का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम भी पत्रकार ही हैं।
सांसद अग्रवाल ने कहा कि निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत बनाती है तथा जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने प्रेस क्लब भवन सहित पत्रकार हितों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि भीलवाड़ा जिले के विकास में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और भविष्य में भी पत्रकारों का सहयोग अपेक्षित रहेगा।