बड़लियास (रोशन वैष्णव)
अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना बड़लियास ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बनास नदी क्षेत्र से अवैध बजरी परिवहन में संलिप्त तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया।

थाना बड़लियास पुलिस द्वारा दिनांक 12 जून 2026 को तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने सरहद रेण, सोलकियों का खेड़ा तथा आकोला क्षेत्र में बनास नदी से अवैध रूप से बजरी का परिवहन करते पाए जाने पर तीन स्वराज ट्रैक्टर मय ट्रॉली को जब्त किया। इस संबंध में तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

कार्रवाई को सफल बनाने के लिए थाना बड़लियास से तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। पहली टीम का नेतृत्व सउनि गोपाल सिंह ने किया, जिनके साथ कांस्टेबल हरवीर एवं नाहर सिंह मौजूद रहे। दूसरी टीम में हेड कांस्टेबल सांवलदान के साथ कांस्टेबल दिनेश कुमार लक्षकार एवं मुकेश कुमार शर्मा शामिल रहे। वहीं तीसरी टीम का नेतृत्व हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार ने किया, जिनके साथ कांस्टेबल हरवीर एवं हरिओम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि अवैध खनन एवं बजरी परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
