जलतरंगों पर शाहपुरा का जलवा- तरणताल में तैराकों ने लगाई रफ्तार की आग, पहले दिन स्वर्णिम प्रदर्शन से चमका भीलवाड़ा

BHILWARA
Spread the love


शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
पानी की सतह पर उठती लहरें, दर्शकों की तालियों की गूंज और हर स्ट्रोक के साथ बढ़ता रोमांचकृनगर पालिका शाहपुरा के तरणताल में आयोजित जिला स्तरीय जूनियर एवं सब-जूनियर तैराकी प्रतियोगिता का पहला दिन जोश, जुनून और शानदार मुकाबलों का साक्षी बना। जिलेभर से पहुंचे प्रतिभाशाली तैराकों ने अपनी गति, तकनीक और दमखम का ऐसा प्रदर्शन किया कि तरणताल खेल भावना से सराबोर नजर आया।



प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न आयु वर्गों की स्पर्धाओं में कई तैराकों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और पदकों पर कब्जा जमाया। हर रेस के साथ रोमांच बढ़ता गया और दर्शकों की निगाहें फिनिशिंग लाइन पर टिक गईं। युवा तैराकों ने साबित कर दिया कि भीलवाड़ा जिला अब तैराकी के क्षेत्र में नई पहचान गढ़ रहा है।

जिला तैराकी संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश बुलिया ने बताया कि बालक वर्ग तृतीय में विश्व प्रताप सिंह का जलवा सबसे ज्यादा देखने को मिला। उन्होंने अपने दमदार प्रदर्शन से 50 मीटर, 100 मीटर और 200 मीटर फ्री-स्टाइल स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में दबदबा कायम किया। विश्व की रफ्तार इतनी तेज रही कि प्रतिद्वंद्वी उनके आसपास भी नहीं टिक सके।

इसी वर्ग में पराग उपाध्याय ने ब्रेस्ट स्ट्रोक स्पर्धा में बेहतरीन तकनीक और संतुलन का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं बैक स्ट्रोक स्पर्धा में वैभव माली और निकुंज गौड़ ने शानदार तैराकी का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। उनके स्ट्रोक्स और नियंत्रण ने प्रतियोगिता में रोमांच बढ़ा दिया।

बालिका वर्ग तृतीय में भी मुकाबले कम रोमांचक नहीं रहे। इस वर्ग में अवंतिका ओझा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्री-स्टाइल और बैक स्ट्रोक दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। अवंतिका की गति और आत्मविश्वास ने उन्हें प्रतियोगिता की प्रमुख स्टार तैराकों में शामिल कर दिया।

इसके अलावा ऊर्जा प्रसाद, अदिति खोलीवाल, लक्षिता माली और मनुश्री चैहान ने भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से पदक अर्जित किए। इन बालिका तैराकों ने साबित कर दिया कि आने वाले समय में वे बड़े मंचों पर जिले का नाम रोशन कर सकती हैं।

यदि पहले दिन किसी खिलाड़ी ने सबसे अधिक प्रभाव छोड़ा तो वह रहे बालक वर्ग चतुर्थ के अखिल खान। अखिल ने एक के बाद एक शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर फ्री-स्टाइल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीते। इतना ही नहीं, उन्होंने 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक तथा 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले में भी प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रतियोगिता में अपना परचम लहरा दिया। अखिल का प्रदर्शन किसी चैंपियन से कम नहीं रहा।

इस वर्ग में देवराज माली, कृष्णा कर, तेज सिंह और दक्षवीर गांछा ने भी बेहतरीन तैराकी करते हुए मजबूत चुनौती पेश की। इन खिलाड़ियों के बीच मुकाबले बेहद करीबी रहे, जिसने दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंचा दिया।

बालिका वर्ग चतुर्थ में कल्पना कर ने स्वर्णिम प्रदर्शन करते हुए 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर फ्री-स्टाइल स्पर्धाओं में गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। उनकी रफ्तार और नियंत्रण ने सभी को प्रभावित किया।

इसके साथ ही शवाना राणावत, रक्षित शर्मा, सुरेश गुर्जर, राधिका शर्मा और अक्षिता माली ने भी शानदार प्रदर्शन कर पदक अपने नाम किए। इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने साबित कर दिया कि जिले में तैराकी का भविष्य बेहद उज्ज्वल है।

आयोजन समिति के प्रताप सिंह राणावत ने कहा कि जिले के तैराकों का प्रदर्शन उत्साहवर्धक है। खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण को देखकर उम्मीद है कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी भीलवाड़ा जिले के तैराक स्वर्णिम सफलता हासिल करेंगे और जिले का नाम गौरवान्वित करेंगे।