*एक गौत्र बना रिश्ते में दीवार, प्रेमी युगल की मौत से गांव में पसरा मातम*

BHILWARA
Spread the love




गजानंद जोशी जहाजपुर,पंडेर थाना क्षेत्र की लसाड़िया ग्राम पंचायत के आंटोली गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। गांव के बाहर एक पेड़ पर युवक और युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पूरे गांव में मातम छा गया। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान आंटोली निवासी मुकेश भील (20) एवं मोनिका भील (16) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे और वे साथ जीवन बिताना चाहते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों एक ही गौत्र के थे, जिसके चलते उनके परिजन इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे। बताया जा रहा है कि इसी पारिवारिक और सामाजिक असहमति के बीच यह दुखद घटना सामने आई। घटना की सूचना मिलने पर पण्डेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय चिकित्सालय भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक और मायूसी का माहौल बना हुआ है।